जयपुर। जयपुर पुलिस कमिश्नरेट के निर्देश पर अवैध हुक्का बारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अशोक नगर थाना पुलिस ने सहकार मार्ग स्थित एक कैफे में कार्रवाई करते हुए अवैध हुक्का संचालन का खुलासा किया।
पुलिस उपायुक्त दक्षिण दिगंत आनंद के निर्देशन में 10 मार्च को अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ललित किशोर शर्मा तथा सहायक पुलिस आयुक्त के सुपरविजन में थाना अधिकारी के नेतृत्व में टीम ने सहकार मार्ग स्थित सासा सेंट्रल कैफे पर दबिश दी। जांच के दौरान कैफे में अवैध रूप से हुक्का पिलाते हुए 10 लोगों को पकड़ा गया, जिनका कोटपा अधिनियम के तहत चालान किया गया।
मौके से भारी मात्रा में हुक्का सामग्री भी जब्त की गई।
कार्रवाई के दौरान कैफे में काम करने वाले 9 कर्मचारी—दीपू सिंह, पवर्त लाल सिंह, मनोहर लाल सिंह, अजय जाट, कान सिंह रावत, नितेश वाल्मीकि, रामकेश जाटव, शर्मा प्रसाद सिंह और मुन्ना गंगई—को धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने कैफे संचालक मंजीत सिंह शेखावत और मैनेजर विकास चौधरी के खिलाफ सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद (विज्ञापन निषेध और व्यापार, वाणिज्य उत्पादन, आपूर्ति एवं वितरण विनियमन) अधिनियम 2019 की धारा 4क/21 क के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


















