जयपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की सीकर टीम ने गुरुवार को कार्रवाई करते हुए कृषि उपज मंडी नीमकाथाना के अतिरिक्त चार्ज सचिव एवं सीकर मंडी के अतिरिक्त सचिव रणधीर सिंह को चालीस हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
एसीबी के महानिदेशक पुलिस गोविन्द गुप्ता ने बताया कि आरोपी रणधीर सिंह परिवादी के परिजनों के नाम चार दुकानों के लाइसेंस जारी करने की एवज में रिश्वत की मांग कर रहा था। शिकायत मिलने के बाद एसीबी चौकी सीकर ने मामले का सत्यापन किया, जिसमें आरोपी द्वारा अस्सी हजार रुपए की रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई।
इसके बाद एसीबी जयपुर के उप महानिरीक्षक अनिल कयाल के सुपरविजन में सीकर इकाई के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय कुमार के निर्देशन में पुलिस निरीक्षक सुभाष मील एवं उनकी टीम ने ट्रैप कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान आरोपी को परिवादी से चालीस हजार रुपए की रिश्वत राशि लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया।




















