कृषि मंत्री ने सीआई कविता शर्मा की नौकरी पर उठाया सवाल

0
259

जयपुर। महेश नगर थानाधिकारी कविता शर्मा पर देर रात के विवाद के बाद कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीणा का गुस्सा फूट पड़ा। किरोड़ी लाल मीणा ने सीआई की नौकरी पर ही सवाल खड़े कर दिए। कविता शर्मा को गिरफ्तार किया जाना चाहिए। वो खिलाड़ी नहीं है। फिर भी खेल कोटे से नौकरी हासिल की है। उस पर मुकदमा दर्ज होना चाहिए।

बुधवार दोपहर मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम के आवास पर पत्रकार वार्ता में कहा कि कविता शर्मा की नौकरी फर्जी तरीके से लगी है। मंगलवार देर रात एसआई भर्ती परीक्षा को रद्द करने की मांग करने वाले छात्र नेता के घर पहुंची सीआई कविता शर्मा को किरोड़ीलाल ने जमकर हड़काया था। रात में हुए विवाद के बाद सुबह तेवर और तल्ख हो गए। मंत्री ने कविता शर्मा की नौकरी पर ही सवाल खड़े कर दिए।

इससे पहले बुधवार सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम से मुलाकात की और पुलिस पर ज्यादती करने का आरोप लगाया था। उन्होंने राज्य के खुफिया तंत्र को फेल बताया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे को लेकर दिए गए इनपुट पर भी सवाल खड़े किए थे। उन्होंने कहा था कि खुफिया तंत्र ने इनपुट दिया कि पीएम मोदी के कार्यक्रम में एसआई भर्ती परीक्षा रद्द करने की मांग करने वाले छात्र नेता खलल डालने वाले हैं।

यह सरासर गलत है। इस दौरान मीणा के साथ छात्र नेता विकास विधूड़ी, उसकी पत्नी अनिता गुर्जर, छात्रा मंजू शर्मा भी मौजूद रहीं।गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम के आवास से किरोड़ीलाल दोपहर करीब 12:50 बजे रवाना हुए। किरोड़ी ने बताया कि वे अब मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मां का स्वास्थ्य पूछने के लिए एसएमएस अस्पताल जाएंगे।

देर रात पुलिस अधिकारी पर भड़के थे मंत्री

मंगलवार की देर रात कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीणा, महेश नगर सीआई कविता शर्मा पर भड़क गए थे। उन्होंने एसआई भर्ती परीक्षा रद्द करने की मांग करने वाले छात्र नेताओं के घर जाकर उनके परिवार, माता-पिता को परेशान करने का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था कि बेवजह पुलिस ने छात्र नेता को उसके पत्नी के साथ कमरे में बंद कर दिया। उधर, इस दौरान सीआई मंत्री से पूरी सादगी से पेश आई थीं।

वो सिर्फ इतना ही कहती रहीं कि सर आप गुस्सा क्यों हो रहे हैं। आराम से बात करिए। इस दौरान तमतमाए मंत्री ने जयपुर पुलिस कमिश्नर और डीसीपी साउथ से भी बात की। तब जाकर मामला शांत हुआ। वहीं मंत्री राज्य के इंटेलिजेंस अधिकारियों पर मुख्यमंत्री और गृह विभाग को गुमराह करने का आरोप लगाया है। मंगलवार देर रात करीब साढ़े ग्यारह बजे महेश नगर सीआई कविता शर्मा एसआई भर्ती रद्द करने की मांग रहे छात्र नेता विकास विधूणी के घर पहुंची थीं।

महेश नगर के महावीर नगर में विधूणी अपनी पत्नी अनिता गुर्जर के साथ किराए पर रहता है। रात करीब 11 बजे इसकी भनक किरोड़ीलाल को लगी। वो भी फौरन वहां पहुंचे। किरोड़ीलाल मीणा ने सीआई पर जबरन छात्र-छात्राओं के घर घुसने, उनके कमरे में ताला लगाने, उनके परिवार और मकान मालिकों को परेशान करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि विधूणी को पत्नी के साथ कमरे में पुलिस ने बंद करके ताला लगा दिया था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here