जयपुर। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की ओर से शुरू किए गए वन एवं पर्यावरण अभियान के तहत प्रदेश भर में मानसून के दौरान सघन पौधारोपण किया जाएगा। इसके लिए भाजपा प्रत्येक बूथ पर 50 पौधे लगाएगी।
इसके लिए बूथ स्तर पर भाजपा कार्यकर्ता के साथ आमजन की भी सहभागिता रहेगी। राठौड़ ने कहा कि शनिवार को अभियान के प्रदेश स्तरीय टोली की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पौधरोपण लक्ष्य के साथ पौधों के संरक्षण की भी जिम्मेदारी तय करने का निर्णय लिया गया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने हरित राजस्थान के लक्ष्य को साकार करने के लिए प्रदेशवासियों से पौधरोपण का आह्वान किया। राठौड़ ने कहा कि पौधरोपण राजनीतिक मुद्दा नहीं है, इसमें हर पार्टी के लोगों को जुड़ना चाहिए, अधिक से अधिक पेड़ लगाने चाहिए। आमजन की सहभागिता बढ़ने पर हमारा राजस्थान हरियाली की ओर तेजी से बढ़ेगा। ऐसे में भाजपा के कार्यकर्ताओं के साथ जनप्रतिनिधि भी इस अभियान से जुड़ेंगे और अपने क्षेत्रों में पौधारोपण अभियान चलाएगे।
भाजपा पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी ने बताया कि शनिवार को पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष नाहर सिंह जोधा, पूर्व विधायक निर्मल कुमावत, प्रदेश प्रवक्ता अशोक सैनी, नारायण मीना, प्रेम सिंह बनवासा, श्याम शर्मा, नीलम गुर्जर, श्याम सिंह राजावत सहित वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की टोली से प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने अभियान को लेकर संवाद किया।
बैठक में पौधरोपण के साथ उनके सरंक्षण के लिए पौध पालक भी नियुक्त करने का निर्णय लिया गया है। इसके साथ ही सघन वृक्षारोपण अभियान के लिए भाजपा ने सभी जिलों में जिला संयोजकों की नियुक्ति कर दी है, शीघ्र ही हर मंडल में मंडल संयोजक भी नियुक्त कर दिए जाएंगे।