जयपुर। नगर निगम हेरिटेज जयपुर के आयुक्त रहे आईएएस अरुण कुमार हसीजा को सोमवार को निगम मुख्यालय में निगम अधिकारियों की ओर से भावभीनी विदाई दी गई। वहीं हेरिटेज निगम की नव नियुक्त आयुक्त डॉ निधि पटेल का स्वागत किया गया। इस अवसर पर हेरिटेज निगम महापौर कुसुम यादव ने अरुण हसीजा के कार्यकाल के बारे में बताते हुए कहा कि हेरिटेज निगम के आयुक्त के रूप में अरुण हसीजा जी ने सदैव हेरिटेज निगम क्षेत्र में जो विकास कार्य कराए, उनके लिए पूरा निगम परिवार सदैव आभारी रहेगा। अरुण हसीजा जी में सदैव पूरी टीम के साथ एक नई ऊर्जा के साथ काम किया।
वहीं इस दौरान हेरिटेज निगम के अतिरिक्त आयुक्त सुरेंद्र सिंह यादव और अन्य निगम अधिकारियों ने अरुण हसीजा का साफा बांध कर सम्मान किया और स्मृति चिन्ह भेंट किया। इस अवसर पर आईएएस अरुण हसीजा ने अपने कार्यकाल के अनुभव को बांटते हुए कहा कि वे भविष्य में भी निगम के विकास कार्य में किसी भी सहयोग के लिए सदैव तैयार रहेंगे। वहीं निगम अधिकारियों के द्वारा नव नियुक्त आयुक्त डॉ निधि पटेल का भी स्वागत किया गया।
इस अवसर पर हेरिटेज निगम आयुक्त डॉ निधि पटेल ने कहा कि वे हेरिटेज निगम के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ेंगी। इस अवसर पर हेरिटेज निगम चेयरमैन मनोज मुद्गल, पवन शर्मा नटराज, रजत विश्नोई,महेंद्र पहाड़िया, अतिरिक्त आयुक्त सुरेंद्र सिंह यादव, उपायुक्त सतर्कता पुष्पेंद्र सिंह राठौड़, उपायुक्त निधि सिंह, युगांतर शर्मा, देवानंद शर्मा सहित अन्य निगम अधिकारी मौजूद रहे।