बेकाबू कार ने रेड लाइट पर खड़े स्कूटी सवार को जोरदार टक्कर मारी

0
181

जयपुर। शहर में तेज रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार सुबह सोडाला स्थित रामनगर मेट्रो स्टेशन चौराहे पर बेकाबू कार ने रेड लाइट पर खड़े स्कूटी सवार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार बाबूलाल निवासी सोडाला गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उनके दोनों पैरों में फ्रैक्चर हो गया।

चौंकाने वाली बात यह है कि घटनास्थल सोडाला थाने से महज 40 से 50 मीटर की दूरी पर है। इसके बावजूद पुलिस को मौके पर पहुंचने में करीब आधा घंटा लग गया, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी गई।

रेड लाइट पर खड़े थे, गलत साइड से आई कार

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाबूलाल सुबह करीब 7 बजे चार नंबर डिस्पेंसरी की तरफ से आ रहे थे और रामनगर मेट्रो स्टेशन चौराहे पर रेड लाइट होने के कारण रुके हुए थे। उन्हें बैकुंठनाथ मंदिर के पास सब्जी मंडी स्थित अपनी दुकान पर जाना था।

इसी दौरान चार नंबर डिस्पेंसरी की ओर जाने वाली तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर गलत दिशा में आ गई और खड़ी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाबूलाल सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।

दोनों पैरों में फ्रैक्चर, एसएमएस में इलाज जारी

हादसे के बाद बाबूलाल दर्द से कराहते रहे। आसपास के दुकानदारों और राहगीरों ने तुरंत एंबुलेंस बुलाकर उन्हें अस्पताल पहुंचाया। घायल को एसएमएस हॉस्पिटलl में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों के अनुसार उनके दोनों पैरों में फ्रैक्चर हुआ है। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है और इलाज जारी है। परिजन अस्पताल में मौजूद हैं।

नाबालिग के गाड़ी चलाने का आरोप

स्थानीय लोगों का आरोप है कि कार चालक नाबालिग था। टक्कर के बाद जब दुकानदारों ने उसे पकड़ने की कोशिश की तो उसने भीड़ पर कार चढ़ाने का प्रयास किया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद आरोपी कार लेकर फरार हो गया।

पुलिस पर उठे सवाल

घटनास्थल से थाना बेहद करीब होने के बावजूद पुलिस के देर से पहुंचने पर लोगों ने नाराजगी जताई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here