जयपुर। शहर के व्यस्ततम हीरापुरा चौराहा (200 फीट जंक्शन) पर जल्द ही अंडरपास और फ्लाईओवर का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) ने प्रोजेक्ट कार्य के लिए कॉन्ट्रेक्ट फर्म को लेटर ऑफ अवार्ड जारी कर दिया है।
एनएचएआई के अनुसार परियोजना पर जल्द ही ग्राउंड स्तर पर काम शुरू होगा और इसे पूरा करने में दो साल से अधिक समय लगेगा। इस प्रोजेक्ट के तहत दो अंडरपास और दो फ्लाईओवर का निर्माण किया जाएगा, जिससे चौराहे पर लगने वाले लंबे ट्रैफिक जाम से राहत मिलने की उम्मीद है।
वर्तमान में इस जंक्शन पर सुबह-शाम पीक ऑवर्स में भारी जाम की स्थिति रहती है। खासकर शाम के समय मानसरोवर से दिल्ली की ओर जाने वाले वाहन चालकों को चौराहा पार करने में 8 से 10 मिनट तक का समय लग जाता है।
परियोजना के तहत एक अंडरपास मानसरोवर से दिल्ली, सिरसी और कालवाड़ की ओर जाने वाले ट्रैफिक के लिए बनाया जाएगा, जबकि दूसरा अंडरपास दिल्ली से मानसरोवर आने वाले वाहनों के लिए होगा। दोनों अंडरपास की लंबाई करीब 600 से 700 मीटर होगी और इनमें दो-दो लेन होंगी।
इसके अलावा अजमेर से आने वाले भारी वाहनों को दिल्ली व सीकर की ओर भेजने के लिए सर्विस लेन के ऊपर करीब 900 से 1000 मीटर लंबा फ्लाईओवर बनाया जाएगा। वहीं दूसरा फ्लाइओवर जयपुर (वैशाली नगर व अजमेर रोड) से अजमेर की ओर जाने वाले ट्रैफिक के लिए करीब 900 मीटर लंबाई में तैयार किया जाएगा।
परियोजना पूरी होने के बाद इस महत्वपूर्ण जंक्शन पर ट्रैफिक व्यवस्था सुगम होने के साथ ही आमजन को बड़ी राहत मिलने की संभावना है।




















