जयपुर। किरण पथ मानसरोवर स्थित श्री गायत्री वेदना निवारण केन्द्र में दीपावली स्नेह मिलन समारोह, कार्यकर्ता गोष्ठी, वरिष्ठजन सम्मान और अन्नकूट महोत्सव का आयोजन किया गया। केन्द्र के व्यवस्थापक आर डी गुप्ता ने बताया कि यज्ञ का संचालन वरिष्ठ कार्यकर्ता गिरधर गोपाल आसोपा, दिनेश आचार्य और हेमंत चतुर्वेदी ने किया। गायत्री परिवार के राजस्थान जोन समन्वयक एवं मुख्य ट्रस्टी ओम प्रकाश अग्रवाल ने बताया कि 1500 साधकों ने गायत्री यज्ञ में गायत्री मंत्र एवं महामृत्युंजय मंत्र की आहुतियां देकर देश में शांति, विकास और उन्नति के लिए प्रार्थना की।
गायत्री कचोलिया ने प्रज्ञा गीतों की प्रस्तुतियां दीं। कार्यकर्ता गोष्ठी में विद्यालयों में कन्या कौशल शिविर लगाने की कार्य योजना पर चर्चा की गई। गायत्री परिवार की कन्या कौशल शिविर संयोजक पूर्णिमा ने बताया कि शीघ्र ही सवा लाख कन्याओं के लिए कन्या कौशल शिविरों का आयोजन किया जाएगा इस मौके पर गायत्री परिवार के अनेक वरिष्ठजनोंं का सम्मान किया गया। इसके बाद सभी प्रेमपूर्वक अन्नकूट प्रसादी ग्रहण की।
दिल खोलकर दिया अनुदान
मुख्य अतिथि वरिष्ठ हृदय रोग चिकित्सक सौरभ जायसवाल ने हृदय रोग से बचाव के लिए मार्गदर्शन प्रदान किया। गायत्री परिवार के वरिष्ठ कार्यकर्ता सुरेंद्र प्रताप सिंह ने 26 लाख रुपए का अनुदान दिया। श्री वेद माता गायत्री वेदना निवारण केंद्र पर संचालित संचालित मां भगवती विद्यालय के लिए संतोष अग्रवाल ने पांच लाख रूपए का अनुदान दिया। कालवाड़ शक्तिपीठ के व्यवस्थापक धर्म सिंह ने डेढ़ लाख रुपए का अनुदान प्रदान किया।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ मानसरोवर नगर के कार्यवाहक महेश धाकड़, पूर्व न्यायाधीश सतीश कौशिक , गायत्री परिवार के ट्रस्टी डॉ. प्रशांत भारद्वाज, गायत्री शक्तिपीठ ब्रह्मपुरी के व्यवस्थापक सोहनलाल शर्मा, सह व्यवस्थापक मणि शंकर चौधरी, वाटिका शक्तिपीठ के व्यवस्थापक रणवीर सिंह चौधरी, वेदना निवारण केन्द्र के व्यवस्थापक आर डी गुप्ता सहित अनेक गायत्री परिवार के कार्यकर्ता उपस्थित थे। संचालन केदार शर्मा ने किया।




















