जयपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने सोमवार को कार्रवाई करते हुए पेंशन विभाग लालकोठी जयपुर में पदस्थ एएओ (द्वितीय) राजेश कुमार खण्डेलवाल को दस हजार रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। एसीबी मुख्यालय के निर्देश पर एसीबी टीम जयपुर नगर चतुर्थ इकाई ने यह ट्रैप कार्रवाई की। आरोपी के कब्जे से रिश्वत की राशि बरामद कर ली गई है।
एसीबी पुलिस महानिरीक्षक सत्येंद्र कुमार ने बताया कि एसीबी जयपुर नगर चतुर्थ टीम को परिवादी ने शिकायत दी थी कि उसके पिता की मौत होने के बाद मां को पूरी पेंशन नहीं मिल रही है। पूरी पेंशन बनाने के एवज में पेंशन विभाग के एएओ (द्वितीय) राजेश कुमार खंडेलवाल पूरी पेंशन बनाने और पहले का एरियर बनाने की एवज में रिश्वत की मांग कर रहा है।
जिसके बाद एसीबी की ओर से ट्रेप का आयोजन कर सत्यापन कर आरोपित राजेश खण्डेलवाल को रिश्वत देने के लिए परिवादी को भेजा। परिवादी से 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते एसीबी टीम ने सोमवार दोपहर राजेश कुमार को गिरफ्तार किया । एसीबी की ओर से अन्य की भूमिका के संबंध में पूछताछ की जा रही है।




















