जयपुर। जयपुर कमिश्नरेट की स्पेशल टीम (सीएसटी) ने ऑपरेशन एक्शन अगेंस्ट गन (आग) के तहत महेश नगर थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय हथियार तस्कर को गिरफ्तार किया है। जिसके कब्जे से भारी मात्रा में अवैध हथियार 5 पिस्टल और 29 कारतूस बरामद किए गए हैं। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
विशेष पुलिस कमिश्नर (ऑपरेशन्स) राहुल प्रकाश ने बताया कि सीएसटी ने ऑपरेशन एक्शन अगेंस्ट गन (आग) के तहत महेश नगर थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय हथियार तस्कर निशान्त उमेश पन्हाले (28) को दबोचा है। आरोपी मूल रूप से महाराष्ट्र के अहमदनगर जिले का रहने वाला है। पुलिस ने उसके पास से पांच पिस्टल,दो खाली मैगजीन और 29 कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस उपायुक्त (अपराध) अभिजीत सिंह ने बताया कि सीएसटी को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति अवैध हथियारों की बड़ी खेप के साथ शहर में किसी वारदात को अंजाम देने या सप्लाई करने की फिराक में है। इस पर महेश नगर थाना पुलिस और सीएसटी की संयुक्त टीम ने सुल्तान नगर हाईटेंशन लाइन के पास स्थित सुलभ शौचालय के पास दबिश दी।
वहां संदिग्ध अवस्था में खड़े निशांत की तलाशी लेने पर उसके पास से अवैध हथियारों का जखीरा बरामद हुआ। यह कार्रवाई शहर में सक्रिय गैंग्स, हार्डकोर बदमाशों और लूट-डकैती की योजना बनाने वालों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान का हिस्सा है।
आरोपी के खिलाफ महेश नगर थाने में आर्म्स एक्ट और बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। अब पुलिस आरोपी से यह पूछताछ कर रही है कि वह ये हथियार कहां से लाया था और जयपुर में किसे सप्लाई करने वाला था।




















