बोहरा जी की बावड़ी में 11 झुग्गियों की 651 बेटियों को भोजन करा दिए उपहार

0
38
At Bohra Ji's Stepwell, 651 girls from 11 shanties were served a meal and presented with gifts.
At Bohra Ji's Stepwell, 651 girls from 11 shanties were served a meal and presented with gifts.

जयपुर। चैत्र शुक्ल अष्टमी-नवमी को छोटीकाशी में विभिन्न स्थानों पर वासंतिक नवरात्र के आखिरी दिन कन्या पूजन किया गया। घर-घर में कन्याओं को देवी का रूप मानते हुए आवभगत की गई। कन्याओं को भोजन कराकर उपहार दिए गए।

इसी कड़ी में उत्थान सेवा संस्थान की ओर झोटवाड़ा के नांगल जैसा बोहरा स्थित बोहरा जी की बावड़ी में एकादशम् कन्या पूजन एवं वैदिक यज्ञ महोत्सव का आयोजन किया गया। इसमें 11 झुग्गी बस्तियों से 651 कन्याओं को वाहनों के माध्यम से नांगल जैसा बोहरा स्थित बोहरा जी की बावड़ी में भोजन कराया गया।

सभी बच्चियों का गंगाजल और पुष्प मिले जल से चरण प्रक्षालन कर तिलक किया। सिर पर चूनरी बांधकर आदर भाव से आसन ग्रहण कराया। प्रेम पूर्वक भोजन ग्रहण कराने के बाद वस्त्र और चरण पादुकाएं सहित अन्य उपहार भेंट किए गए। आसपास की कॉलोनियों के लोगों ने इतनी बड़ी संख्या में उपस्थित देवियों के पैर छूकर आशीर्वाद लिया और भेंट दी।

कन्या पूजन के पूर्व राजेश गुप्ता, मनु महाराज और उमाशंकर खंडेलवाल, महेन्द्र भौमियां ने पंच कुंडीय वैदिक गायत्री महायज्ञ कराया। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान को गति देने और नारी सशक्तिकरण के लिए विशेष आहुतियां प्रदान की गई। बेटियों की सुरक्षा के लिए मां दुर्गा को अर्पित की आहुतियां अर्पित की गई। पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के लिए पत्तों के दौने-पत्तल में भोजन कराया गया।

इस अवसर पर मालवीय नगर के विधायक कालीचरण सराफ, सरस डेयरी फेडरेशन की चेयरमैन सोनिला चतुर्वेदी, आरएएस मुरारीलाल शर्मा, उद्योगपति कैलाश चंद बोहरा, पतंजलि योग समिति के प्रदेश अभिभावक कुलभूषण बैराठी, पतंजलि महिला योग समिति की प्रदेश संरक्षिका शारदा यादव, भारत स्वाभिमान राजस्थान के पूर्व प्रभारी अरविंद पांडेय, मिलिट्री इंजीनियरिंग सर्विस के अधिकारी एस एस नागर ने मां दुर्गा और राम दरबार के चित्र के समक्ष दीप प्रज्जवलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उत्थान सेवा संस्थान के अध्यक्ष कैप्टन शीशराम पूनिया एवं अन्य पदाधिकारियों ने अतिथियों का दुपट्टा पहनाकर और स्मृति चिह्न भेंट कर अभिनंदन किया।

प्रजापिता ब्रह्मकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय शाखा रोड नंबर 6 की ओर से नौ देवियों की चैतन्य झांकी सजाई गई। पतंजलि किसान सेवा समिति, गायत्री चेतना केन्द्र मुरलीपुरा, मां करणी प्रभात शाखा सहित विभिन्न संस्थाओं के लगभग 270 कार्यकर्ताओं ने श्रमदान कर आयोजन को सफल बनाया। नांगल जैसा बोहरा, मुरलीपुरा, विद्याधरनगर, निवारू रोड, लोहामंडी, निर्माणनगर की योग कक्षाओं के योग साधक उपस्थित रहे। अंजू गोयल और तिरुपति कंडोई ने मंच संचालन किया। शिवानंद त्रिपाठी ने आभार प्रकट किया।

बच्चों ने दी मन मोहक प्रस्तुतियां:

उत्थान सेवा संस्थान की ओर से नि:शुल्क संचालित अपनी बाल संस्कार पाठशाला के बालक-बालिकाओं ने सनातन संस्कृति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर मन मोह लिया। भगवान राम और दुर्गा का स्वरूप बने बच्चे आकर्षण का केन्द्र रहे। भामाशाहों ने दोनों विद्यालयों में पढ़ रहे बच्चों की शिक्षा के लिए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here