बातों में उलझाकर एटीएम कार्ड बदल कर निकाले 2.30 लाख रुपए

0
59

जयपुर। शहर के खो नागोरियान थाना क्षेत्र में एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने का मामला सामने आया है। जहां बदमाशों ने युवक को बातों में उलझाकर उसका एटीएम कार्ड बदल लिया और खाते से लाखों रुपए निकाल लिए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच में जुटी है।

हेड कांस्टेबल अशोक कुमार के अनुसार 26 वर्षीय रिंकू सैन निवासी पालड़ी मीणा, आगरा रोड जामडोली ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है कि वह आगरा रोड स्थित एक्सिस बैंक के एटीएम पर रुपए निकालने गया था। उस समय एटीएम के अंदर पहले से एक व्यक्ति मौजूद था।

जैसे ही वह पैसे निकालने लगा,तभी बाहर से एक अन्य व्यक्ति भी एटीएम में आ गया। दोनों आरोपियों ने उसे बातचीत में उलझा लिया। इसी दौरान चालाकी से उसका असली एटीएम कार्ड बदलकर उसे फर्जी कार्ड थमा दिया। पीड़ित को इसकी जानकारी नहीं हो सकी और बाद में आरोपियों ने उसके एटीएम कार्ड के जरिए खाते से 2 लाख 30 हजार रुपए निकाल लिए।

घटना का पता चलने पर पीड़ित ने थाने में मामला दर्ज कराया। मामले की जांच कर रहे हेड कांस्टेबल अशोक कुमार ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है। एटीएम और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। ताकि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here