बीसीएमओ 25 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार

0
40
BCMO arrested while taking bribe of 25 thousand
BCMO arrested while taking bribe of 25 thousand

जयपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की सवाई माधोपुर टीम ने सोमवार को कार्रवाई करते हुए गंगापुर सिटी के खंड मुख्य चिकित्सा अधिकारी (बीसीएमओ) डॉ. बत्तीलाल मीणा को 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। आरोपी चिकित्सक ने एक महिला परिवादिया को उसके मूल पदस्थापन स्थान पर वापस लगाने की एवज में इस राशि की मांग की थी।

एसीबी महानिदेशक गोविन्द गुप्ता ने बताया कि ब्यूरो की सवाई माधोपुर चौकी को एक परिवादिया ने शिकायत दी कि वह वर्तमान में व्यवस्थार्थ अन्य स्थान पर कार्यरत है। उसे वापस उसके मूल पदस्थापन स्थान पर लगाने के बदले बीसीएमओ डॉ. बत्तीलाल मीणा 30 हजार रुपये की रिश्वत मांग कर परेशान कर रहा है।

एसीबी ने शिकायत का गोपनीय सत्यापन करवाया, जिसमें रिश्वत की मांग की पुष्टि हुई। सत्यापन के दौरान ही आरोपी ने 5 हजार रुपये एडवांस ले लिए थे। सोमवार को शेष 25 हजार रुपये की राशि देने की बात तय हुई।

एसीबी भरतपुर रेंज के डीआईजी डॉ. रामेश्वर सिंह के सुपरविजन में एएसपी ज्ञान सिंह चौधरी के नेतृत्व वाली टीम ने जाल बिछाया और जैसे ही डॉ. बत्तीलाल ने परिवादिया से 25 हजार रुपये की रिश्वती राशि थामी, पहले से तैयार एसीबी टीम ने उसे रंगे हाथों दबोच लिया।

एसीबी की इस कार्रवाई से चिकित्सा महकमे में हड़कंप मच गया है। ब्यूरो की टीम आरोपी के कार्यालय और आवास की तलाशी ले रही है, ताकि आय से अधिक संपत्ति या अन्य दस्तावेजों की जांच की जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here