जयपुर। मानसरोवर स्थित अग्रवाल फार्म में सिंधी पंचायत के नाम पर करोड़ों का घोटाला सामने आया है। पूज्य सिंधी पंचायत अग्रवाल फार्म मानसरोवर जयपुर एक पंजीकृत संस्था है, जो समाज के कल्याण और विकास के लिए काम करती है।जयप्रकाश बूलचंदानी ने शिप्रा पथ थाना में शिकायत दर्ज कराई है, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आरोप है कि पूर्व अध्यक्ष मुरली टेवानी, पूर्व महासचिव मुकेश लख्यानी, लालचंद खानवानी, मनोज तेजवानी, केसामल खानवानी और अर्जुन डोलानी ने फर्जी दस्तावेजों के जरिए संस्था की संपत्तियों पर कब्जा कर लिया और समाज को हिसाब-किताब नहीं दिया। आरोपियों ने 2 जनवरी 2023 को कार्यकारिणी की बैठक की सूचना दी, 8 जनवरी 2023 को कार्यकारिणी की बैठक की और 10 जनवरी 2023 को आम सभा की बैठक की सूचना दी। इसके बाद 24 जनवरी 2023 को आम सभा और चुनाव की प्रक्रिया दिखाई गई, जिसमें लालचंद खानवानी को अध्यक्ष बनाया गया।
हैरानी की बात यह है कि सभी कागजों को 8 जनवरी 2023 को ही नोटरी पब्लिक से अटेस्टेड करवा दिया गया। आरोप है कि इन लोगों ने समाज की धर्मशाला पर कब्जा कर करोड़ों रुपए का घोटाला किया और मंदिर में दान पेटी के करोड़ों रुपए गबन कर लिए।