एनएसयूआई पर भाजपा का हमला: महिला विरोधी सोच का आरोप

0
54

जयपुर। भारतीय जनता पार्टी जयपुर शहर कार्यालय में गुरुवार को आयोजित प्रेस वार्ता में जिला महामंत्री रेखा राठौड़ ने एनएसयूआई की हालिया प्रेस कॉन्फ्रेंस को मिथ्या एवं बेबुनियाद तथ्यों पर आधारित बताया। उन्होंने कहा कि राजस्थान विश्वविद्यालय में प्रस्तावित नारी सशक्तिकरण कार्यक्रम का आयोजन मरुधरा नारी सशक्तिकरण संगठन द्वारा किया जा रहा है, जबकि एनएसयूआई इसे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से जोड़कर भ्रम फैलाने का प्रयास कर रही है।

रेखा राठौड़ ने आरोप लगाया कि कांग्रेस एवं उसके छात्र संगठन की मानसिकता महिला विरोधी रही है। उन्होंने कहा कि एनएसयूआई पदाधिकारी कार्यक्रम का विरोध कर इसे बाधित करने की बातें कर रहे हैं, जो निंदनीय है। साथ ही आरोप लगाया कि एनएसयूआई के छात्र नेताओं द्वारा सोशल मीडिया पर फर्जी आमंत्रण पत्र प्रसारित कर आरएसएस को आयोजक बताने की कोशिश की जा रही है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी में पद प्राप्ति के लिए कुछ लोग ऐसे मुद्दों को उछालकर अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने का प्रयास करते हैं। राठौड़ ने पूर्व घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि राजस्थान विश्वविद्यालय में पहले भी आरएसएस से जुड़े कार्यक्रमों के दौरान उपद्रव की घटनाएं सामने आई हैं।

भाजपा ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह केवल चुनिंदा नेताओं का सम्मान करती है और आम कार्यकर्ताओं की उपेक्षा करती है। राठौड़ ने कहा कि संबंधित नारी सशक्तिकरण कार्यक्रम पूरी तरह महिलाओं को समर्पित है और इसे सफलतापूर्वक आयोजित किया जाएगा।
मीडिया प्रभारी भारती खंडेलवाल ने बताया कि प्रेस वार्ता में प्रवक्ता खेमचंद शर्मा, मंत्री क्षमा अग्रवाल एवं जूही केडिया भी उपस्थित रहीं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here