भाजपा स्थापना दिवस: विचार संगोष्ठी में ‘वटवृक्ष’ बनी पार्टी की यात्रा और वैचारिक आधार पर मंथन

0
50
BJP foundation day
BJP foundation day

जयपुर। भारतीय जनता पार्टी के 47वें स्थापना दिवस के अवसर पर भाजपा प्रदेश कार्यालय में विचार संगोष्ठी आयोजित की गई, जिसमें पार्टी की विचारधारा, संगठनात्मक विकास और भविष्य की दिशा पर विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान प्रबुद्धजनों एवं वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का सम्मान भी किया गया।

संगोष्ठी को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने पार्टी की स्थापना से लेकर अब तक की संघर्षपूर्ण यात्रा को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि त्याग, तपस्या और बलिदान के बल पर भाजपा आज एक “वटवृक्ष” के रूप में स्थापित हुई है। राठौड़ ने श्यामा प्रसाद मुखर्जी और दीनदयाल उपाध्याय के योगदान को स्मरण करते हुए संगठन की वैचारिक नींव को राष्ट्रवाद और एकात्म मानववाद पर आधारित बताया।

उन्होंने वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों का उल्लेख करते हुए कहा कि जहां दुनिया संकटों से जूझ रही है, वहीं भारत मजबूत स्थिति में खड़ा है और वैश्विक स्तर पर नेतृत्व की भूमिका निभा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए उन्होंने विकसित भारत और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को दोहराया।

कार्यकर्ता ही संगठन की ताकत: वसुंधरा राजे

पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने अपने संबोधन में संगठन की जमीनी मजबूती और कार्यकर्ताओं के योगदान पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा की वास्तविक शक्ति उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं और मूल विचारधारा से जुड़े कार्यकर्ताओं को हमेशा सम्मान मिलना चाहिए।
राजे ने कहा कि दायित्व उन्हीं कार्यकर्ताओं को दिए जाने चाहिए, जिनमें संगठन के प्रति निष्ठा, संस्कार और प्रतिबद्धता हो। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के सिद्धांतों का उल्लेख करते हुए कहा कि सत्ता से अधिक महत्वपूर्ण विचारधारा और नैतिकता होती है।

‘एक राष्ट्र, एक जन, एक संस्कृति’ भाजपा की पहचान: तिवाड़ी

राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवाड़ी ने भाजपा की वैचारिक पृष्ठभूमि और ऐतिहासिक विकास पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि “एक राष्ट्र, एक जन, एक संस्कृति” का सिद्धांत भाजपा की मूल पहचान है, जो उसे अन्य दलों से अलग करता है। तिवाड़ी ने जनसंघ की स्थापना को त्याग और बलिदान की नींव पर खड़ा बताया।

कार्यकर्ता आधारित पार्टी: किरोड़ी लाल मीणा

मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने धन्यवाद ज्ञापन देते हुए कहा कि भाजपा एक कार्यकर्ता आधारित पार्टी है, जहां राष्ट्र सर्वोपरि है। उन्होंने आपातकाल के दौर की याद दिलाते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं ने कठिन परिस्थितियों में भी संगठन के लिए संघर्ष किया।

वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का सम्मान

कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ कार्यकर्ताओं—1952 से सक्रिय श्रीराम खंडेलवाल (डेडी), चमनलाल तंवर, छतुमल (नेताजी) और सीए बनवारी लाल दुसाद—को माला, साफा और शॉल पहनाकर सम्मानित किया गया। भाजपा महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी ने बताया कि स्थापना दिवस पर बूथ नंबर 159 के अध्यक्ष राधेश्याम सैनी को मंच पर स्थान देकर “कार्यकर्ता सर्वोपरि” का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा, मंत्री जोगाराम पटेल, सांसद मंजू शर्मा, विधायक गोपाल शर्मा, बालमुकुंदाचार्य, रामावतार बैरवा, महेंद्र पाल मीणा, भूपेंद्र सैनी और मिथिलेश गौतम सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here