जयपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मंत्री एवं भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती कार्यक्रम के प्रदेश संयोजक मिथिलेश गौतम ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी स्वतंत्रता सेनानी बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती देश—प्रदेश में मना रही है। बिरसा मुंडा ने 25 वर्ष की अल्पायु में भारत की स्वतंत्रता, सामाजिक सुधार और धार्मिक स्वतंत्रता के लिए महान बलिदान दिया था। बिरसा मुंडा ने न केवल अंग्रेजों के विरुद्ध संघर्ष किया, बल्कि जनजातीय समाज में समरसता, स्वाभिमान और धर्मांतरण के विरोध का भी सशक्त आंदोलन चलाया।
उन्होंने जनजातीय समाज के उत्थान के लिए अपना सम्पूर्ण जीवन समर्पित कर दिया। भाजपा हमेशा से राष्ट्र नायकों और “अननोन हीरोज” को सम्मान देने का कार्य करती आई है। उसी कड़ी में 9 से 15 नवम्बर तक प्रदेशभर में “जनजागरण अभियान” चलाया जाएगा, जिसमें भगवान बिरसा मुंडा जी सहित सभी जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। 13, 14 और 15 नवम्बर को भाजपा जनजाति वर्ग के सैनानियों के स्मारकों पर स्वच्छता अभियान के साथ दीपोत्सव मनाएगी।
15 नवम्बर को राष्ट्रीय जनजाति गौरव दिवस के अवसर पर डूंगरपुर में विशाल जनजाति सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। भाजपा प्रदेश मंत्री मिथिलेश गौतम ने बताया कि जन जागरण अभियान के तहत टाउन हॉल मीटिंग्स, निबंध प्रतियोगिताएं, सामान्य ज्ञान प्रतियोगिताएं, भाषण प्रतियोगिताएं सहित विभिन्न आयोजन आयोजित किए जाएंगे। इनके माध्यम से युवाओं और समाज के सभी वर्गों को बिरसा मुंडा के जीवन दर्शन से जोड़ा जाएगा।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के नेतृत्व में केंद्र सरकार और राजस्थान सरकार जनजातीय समाज के समग्र विकास के लिए संकल्पित है। भाजपा सरकार ने ही देश में सबसे पहले जनजातीय मंत्रालय की स्थापना की तथा जनजाति आयोग का गठन किया।
एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, दीनदयाल उपाध्याय ज्योति योजना आदि के माध्यम से जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा, सड़क और विद्युत सुविधाओं का विस्तार हुआ है। गौतम ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा, राणा पूंजा भील, गोविंद गुरु जैसे वीरों के योगदान को अब इतिहास के सही परिप्रेक्ष्य में देश के समक्ष लाना भाजपा का कर्तव्य है। यही इस जनजागरण अभियान का मूल उद्देश्य है।




















