जयपुर। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष शंकर गोरा ने शुक्रवार को औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने उन्हें पद की जिम्मेदारी सौंपी। भाजपा प्रदेश कार्यालय के बाहर आयोजित इस समारोह में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और युवा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
पदभार ग्रहण समारोह को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी देश की एकमात्र ऐसी राजनीतिक पार्टी है, जहां सामान्य कार्यकर्ता भी संगठन के माध्यम से शीर्ष पदों तक पहुंच सकता है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उदाहरण देते हुए कहा कि एक साधारण कार्यकर्ता से लेकर मुख्यमंत्री और फिर प्रधानमंत्री तक का सफर भाजपा की कार्यसंस्कृति को दर्शाता है।
नव नियुक्त प्रदेश अध्यक्ष शंकर गोरा ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा युवा मोर्चा आगामी पंचायती राज और नगरीय निकाय चुनावों में पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि युवाओं की भूमिका केवल चुनाव तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में भी भाजयुमो अग्रणी भूमिका निभाएगा।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा घोषित एक लाख सरकारी नौकरियों के भर्ती कैलेंडर को हर बूथ, हर गांव और हर युवा तक पहुंचाना भाजयुमो की प्राथमिकता होगी। इसके साथ ही संगठन स्तर पर युवाओं को जिम्मेदारी देकर नेतृत्व विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
शंकर गोरा ने कांग्रेस शासनकाल पर निशाना साधते हुए कहा कि पूर्ववर्ती सरकार के दौरान 19 बार पेपर लीक जैसी घटनाएं सामने आईं, जिससे लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है और आज कई आरोपी जेल में हैं। यह सरकार की नीयत और नीति दोनों को दर्शाता है।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने राजस्थान में डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य में तेज गति से विकास कार्य हो रहे हैं। ईआरसीपी योजना को आगे बढ़ाने, यमुना जल समझौते, किसानों को दिन में बिजली, पेपर लीक पर नियंत्रण, राइजिंग राजस्थान के माध्यम से निवेश, रेलवे-सड़क-नहर और ग्राम विकास से जुड़े कार्यों को उन्होंने सरकार की प्रमुख उपलब्धियां बताया।
उन्होंने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि जहां अन्य दलों में एक व्यक्ति या एक परिवार सर्वोपरि है, वहीं भाजपा के लिए नेशन फर्स्ट सर्वोच्च है। पदभार ग्रहण के बाद शंकर गोरा ने कहा कि भाजपा ने राष्ट्रीय स्तर पर युवा नेतृत्व को आगे बढ़ाकर यह संदेश स्पष्ट कर दिया है कि पार्टी का भविष्य युवाओं के हाथों में है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले पंचायत, नगरीय निकाय, विधानसभा और लोकसभा चुनावों में भारतीय जनता युवा मोर्चा की भूमिका निर्णायक साबित होगी।
कार्यक्रम में मौजूद वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नए प्रदेश अध्यक्ष को बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में भाजयुमो संगठनात्मक रूप से और अधिक मजबूत होगा तथा युवाओं को पार्टी से जोड़ने का अभियान और तेज होगा।




















