जयपुर। शिवदासपुरा थाना इलाके में एक कुएं में युवक का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सिविल डिफेंस टीम की मदद से शव को कुंए से बाहर निकाला। फिलहाल मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है और पुलिस गुमशुदगी के आधार पर जांच-पड़ताल कर रही है।
पुलिस के अनुसार थाना क्षेत्र में एक कुएं में शव पड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और सिविल डिफेंस टीम को बुलाया गया। टीम ने करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद शव को कुंए से बाहर निकाला।
मौके पर पुलिस ने एफएसएल टीम की सहायता से घटनास्थल से साक्ष्य भी जुटाए। इसके बाद आसपास के लोगों से पूछताछ कर मृतक की शिनाख्त करने का प्रयास किया गया, लेकिन कोई सफलता नहीं मिल सकी।
पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर महात्मा गांधी अस्पताल के मुर्दाघर में रखवाया है। फिलहाल पुलिस गुमशुदगी के मामलों के आधार पर मृतक की पहचान करने के प्रयास तेज कर रही है।


















