ट्रैक्टर-ट्रॉली से बाइक टकराने से भाई-बहन की मौत

0
31

जयपुर। चाकसू थाना इलाके में शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार भाई-बहन की मौत हो गई, जबकि उनके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा रात करीब 11 बजे हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को मोर्चरी में रखवाया। जहां रविवार दिन में पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों के हवाले कर दिया गया। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी है।

थानाधिकारी मनोहर लाल मेघवाल ने बताया कि वार्ड संख्या 14 की चमन कॉलोनी निवासी निश्चल वैष्णव (26) अपने पिता शीतल प्रसाद वैष्णव और बहन किरण वैष्णव (30) के साथ कोथून से घर लौट रहे थे। रास्ते में बड़े बालाजी मंदिर के पास शराब की दुकान के सामने सड़क पर खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से उनकी बाइक जा घुसी।

हादसा इतना भीषण था कि बाइक चला रहे निश्चल की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर घायल शीतल प्रसाद और किरण को पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से उप जिला अस्पताल चाकसू पहुंचाया, जहां से दोनों को जयपुर के SMS हॉस्पिटल रेफर किया गया। देर रात इलाज के दौरान किरण ने भी दम तोड़ दिया। जबकि शीतल प्रसाद की हालत गंभीर बनी हुई है।

वहीं पोस्टमॉर्टम के बाद निश्चल का शव चाकसू में परिजनों को सौंप दिया गया। वहीं किरण का पोस्टमार्टम जयपुर में होने के बाद रविवार दोपहर शव चाकसू लाया गया। जहां भाई-बहन का एक साथ अंतिम संस्कार किया गया।
पुलिस के अनुसार शीतल प्रसाद चाकसू में मोटर पार्ट्स के व्यापारी हैं। निश्चल पुणे में एक निजी कंपनी में कार्यरत था और छुट्टी लेकर घर आया हुआ था।

किरण की शादी छह महीने पहले बीकानेर में हुई थी और वह अपने भाई से मिलने चाकसू आई थी। दो दिन बाद उसे वापस बीकानेर लौटना था। इसके अलावा परिवार में शीतल प्रसाद की पत्नी और 20 वर्षीय पुत्र हैं, जो वर्तमान में पढ़ाई कर रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here