पेट्रोलियम पाइपलाइन से करोड़ों का तेल चुराने वाले गिरोह का खरीददार गिरफ्तार

0
43
Buyer for Gang Stealing Millions' Worth of Oil from Petroleum Pipeline Arrested
Buyer for Gang Stealing Millions' Worth of Oil from Petroleum Pipeline Arrested

जयपुर। स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने पेट्रोलियम पाइपलाइन से क्रूड ऑयल चोरी करने वाले एक बड़े अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है । इस संगठित चोरी के मामले में एसओजी ने कार्रवाई करते हुए चोरी के तेल के मुख्य खरीददार राजीव सिंगल को जयपुर से गिरफ्तार किया है । आरोपी गाजियाबाद में ‘श्री गणपति ऑयल ट्रेडर्स’ का संचालक है और पिछले 15 वर्षों से इस काले कारोबार में शामिल है।

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक पुलिस (एसओजी) विशाल बंसल ने बताया कि आरोपियों ने शाहजहांपुर क्षेत्र में एक खेत किराए पर लेकर उसके चारों ओर 10 फीट ऊंची दीवार खड़ी कर दी थी । खेत के अंदर कमरे और भूमिगत चैम्बर बनाकर पाइपलाइन तक पहुंचने के लिए लगभग 360 फीट लंबी सुरंग खोदी गई । गिरोह ने निगरानी के लिए वहां कैमरे और इंटरनेट कनेक्शन भी लगा रखे थे।

जांच में सामने आया कि गिरोह ने मात्र दो महीने (नवंबर 2024 से जनवरी 2025) के भीतर करीब 36 टैंकर यानी 9.58 लाख लीटर कच्चा तेल पार कर दिया । गिरफ्तार आरोपी राजीव सिंगल इस चोरी के तेल को मात्र 30-35 रुपये प्रति लीटर में खरीदता था, जबकि बाजार में इसकी कीमत लगभग 70 रुपये प्रति लीटर है । चोरी किए गए कुल तेल की अनुमानित कीमत करीब 6.70 करोड़ रुपये आंकी गई है।

इस प्रकरण में फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश दिनेश राठी को भी दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया गया है । इसके अलावा गिरोह के अन्य सदस्य महावीर, सुदीप जिंदल, अशोक कुमार चौहान और विजय पाल सिंह को हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के विभिन्न इलाकों से दबोचा गया है । मुख्य सरगना सहित अब तक कुल 8 गिरफ्तारियां हो चुकी हैं।

पकड़े गए मुख्य खरीददार राजीव सिंगल को कोर्ट में पेश कर 15 अप्रैल 2026 तक पुलिस रिमांड पर लिया गया है । एसओजी की टीम अब गिरोह के पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की तलाश में जुटी है ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here