जयपुर। जयपुर ग्रामीण जिले के सामोद थाना इलाके में स्थित विजयसिंहपुरा-बांसा गांव में अवैध मादक पदार्थ तस्कर ने पुलिस को चकमा देने के लिए नींबू -बेर के बागान में गांजे की फसल उगा रखी थी। डीएसटी टीम ने पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए 1510 गांजे की पौधे उखाड़ कर अपने कब्जे में लिए और आरोपी तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस गिरफ्तार आरोपी से अन्य तस्करों के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास कर रहीं है।
पुलिस अधीक्षक जयपुर ग्रामीण हनुमान प्रसाद मीणा के अनुसार विजयसिंहपुरा – बांसा गांव निवासी भैरू राम सैनी काफी समय से अपने ही बगीचे में गांजे की खेती कर रहा था। उसने नींबू, बेर और घनी झाड़ियों के बीच करीब 1510 गांजे के पौधे इस तरह छिपा रखे थे कि उन्हें नंगी आंखों से देख पाना मुश्किल था. टीम मौके पर पहुंची, सभी पौधे जब्त कर आरोपी को हिरासत में ले लिया और उससे पूछताछ शुरू कर दी।
गौरतलब है कि एसीपी रजनीश पूनिया की देखरेख में जयपुर ग्रामीण पुलिस के ऑपरेशन एंटी वेनम के तहत अवैध मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया था। जिसके लिए विशेष टीम का गठन किया गया।
विशेष डीएसटी टीम के एएसआई रामनिवास मीणा और सत्येंद्र के नेतृत्व में टीम ने तकनीकी सहायता व मुखबिर की सूचना पर आरोपी के खेत से 1510 गांजे के पौधे जब्त किए। पुलिस गिरफ्तार आरोपित से इस नेटवर्क से जुड़े लोगों के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास कर रहीं है।
गोविंदगढ़ के खेजरोली के मूंडरु रोड पर सार्वजनिक पार्क के पास से भी गांजे के 1057 पौधे जब्त
पुलिस ने इसी के साथ गोविंदगढ़ थाना इलाके में स्थित खेजरोली के मूंडरु रोड पर सार्वजनिक पार्क के पास एक खेत से 1057 गांजे के पौधे जब्त किए है। गोविंदगढ़ थाना अधिकारी सांखला ने बताया कि खेजरोली में मूंडरू रोड पर सार्वजनिक पार्क के पास एक खेत के लगी तारबंदी के पास पहुंचे तो अंदर पौधों से गांजा जैसी गंध आई। खेजरोली चौकी प्रभारी धर्मपाल यादव को जाप्ते सहित तलब किया। जिस पर पुलिसकर्मियों ने पौधे की पहचान की तो गांजे के पौधों के रूप मे पहचान हुई।
वहीं खेत मालिक के बारे में पूछा तो खेत नरपत सिंह उर्फ लालसिंह पुत्र उमेद सिंह निवासी खेजरोली का होना बताया। पुलिस ने 1057 गांजे के पौध उखाड़कर उनका वजन किया तो वजन 74.470 किलोग्राम हुआ। पुलिस ने अज्ञात अभियुक्तों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। इस कार्रवाई में अधिकारी विनोद कुमार सांखला, चौकी प्रभारी धर्मपाल यादव, कांस्टेबल भारत भूषण, दिनेश कुमार, संजय कुमार,सुरज्ञान देवी,संजय कुमार,मुकेश कुमार का विशेष सहयोग रहा।




















