शिला माता मंदिर में आज भरेगा छठ का मेला

0
44

जयपुर। शारदीय नवरात्र की पंचमी तिथि शनिवार को स्कंदमाता की आराधना की गई। शनिवार को आमेर स्थित शिला माता मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने माता रानी के दर्शन किए। मंदिर के पट खुलने से पूर्व ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु आमेर महल पहुंच गए। अनेक लोग पैदल परिक्रमा करते हुए शिला माता मंदिर ढोक देने पहुंचे।

मंदिर के पुजारी बनवारी लाल शर्मा ने बताया कि शनिवार को निशा पूजन किया गया। रविवार को छठ का मेला आयोजित होगा। प्रशासन ने मेले के लिए अतिक्ति व्यवस्थाएं की है। नवरात्र के दौरान दर्शन का समय प्रतिदिन सुबह 6 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक एवं शाम 4 बजे से रात 8:30 बजे तक रहेगा। दोपहर 12:30 से शाम 4 बजे तक मंदिर के पट बंद रहेंगे। आमेर के मनसा माता मंदिर में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने दर्शन किए।

कनक घाटी आमेर रोड स्थित ठिकाना मंदिर श्री गोविन्द देव जी के मातहत मंदिर श्री देवी मनसा माता में महंत अंजन कुमार गोस्वामी के सान्निध्य में शनिवार को अनुराधा नक्षत्र में पंचमी पूजन किया गया। मातारानी का विशेष श्रृंगार कर चंडी पाठ किए गए। षष्ठी रविवार को कल्पारंभ, बोधन, अधिवास, चंडी पाठ, श्रृंगार, भोग, आरती के कार्यक्रम हुए। दुर्गापुरा के प्राचीन दुर्गा माता मंदिर में महंत महेन्द्र भट्टाचार्य के सानिध्य में शनिवार को माता रानी का विशेष श्रृंगार कर ऋतु पुष्पों से श्रृंगार किया गया। दुर्गा सप्तशती का पाठ किया गया। शाम को भजन-अर्चन हुआ।

साधकों ने किया गायत्री मंत्र का जाप

गायत्री शक्तिपीठ ब्रह्मपुरी, किरण पथ मानसरोवर स्थित श्री वेदमाता गायत्री वेदना निवारण केन्द्र, गायत्री शक्तिपीठ वाटिका, गायत्री शक्तिपीठ कालवाड़, गायत्री चेतना केंद्र दुर्गापुरा, गायत्री चेतना केंद्र वैशाली नगर, गायत्री चेतना केंद्र जनता कॉलोनी सहित अन्य प्रज्ञा केन्द्रों पर गायत्री महायज्ञ का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने यज्ञ भगवान को आहुतियां अर्पित की। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने 24 हजार गायत्री मंत्र जप के लघु अनुष्ठान के अंतर्गत गायत्री मंत्र की 27 माला फेरी।

मातारानी का प्रस्थान भी शुभ

ज्योतिषाचार्य डॉ. महेंद्र मिश्रा ने बताया कि इस बार नवरात्र में माता रानी गुरुवार को मनुष्य की सवारी के साथ डोले में प्रस्थान करेगी। इसे ज्योतिष की दृष्टि से अत्यंत शुभ माना गया है। इससे पूरे वर्ष सौभाग्य, सुख और शांति बनी रहेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here