चौमूं में मस्जिद विवाद को लेकर पुलिस पर पथराव, छह जवान घायल

0
208


जयपुर। चौमूं कस्बे के मुख्य बस स्टैंड क्षेत्र में शुक्रवार अलसुबह करीब तीन बजे मस्जिद से जुड़े विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इस दौरान उपद्रवियों ने मौके पर तैनात पुलिस जाब्ते पर पथराव कर दिया, जिसमें करीब छह पुलिसकर्मी घायल हो गए। घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।


जानकारी के अनुसार विवाद मस्जिद के पास सड़क किनारे लगे पत्थरों को हटाने को लेकर चल रहा था। गुरुवार शाम को इस मुद्दे पर मुस्लिम समुदाय के लोगों और पुलिस-प्रशासन के बीच वार्ता हुई थी। वार्ता के दौरान समुदाय की ओर से स्वयं पत्थर हटाने पर सहमति बनी थी। पत्थर हटाए जाने के बाद मस्जिद के पास लोहे की रैलिंग लगाकर बाउंड्री निर्माण का कार्य शुरू किया गया, जिस पर कुछ लोगों ने आपत्ति जताई और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
इसी दौरान समुदाय विशेष के कुछ लोगों ने विरोध करते हुए मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों पर पथराव शुरू कर दिया। हालात बिगड़ते देख पुलिस को चौमूं, हरमाड़ा, विश्वकर्मा, दौलतपुरा सहित आसपास के कई थानों से अतिरिक्त जाब्ता बुलाना पड़ा। भीड़ को काबू में करने के लिए पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया और आंसू गैस के गोले भी छोड़े।


घटना की गंभीरता को देखते हुए जयपुर से एडिशनल पुलिस कमिश्नर डॉ. राजीव पचार, डीसीपी वेस्ट हनुमान प्रसाद तथा एडिशनल डीसीपी राजेश गुप्ता सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने हालात का जायजा लेकर स्थानीय लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की।


फिलहाल इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है और स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर पथराव में शामिल उपद्रवियों की पहचान शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

हिंसा के बाद इंटरनेट सेवाएं ठप
मस्जिद विवाद को लेकर हुई हिंसा और पुलिस पर पथराव की घटना के बाद प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अफवाहों पर रोक लगाने के लिए जयपुर ग्रामीण क्षेत्र के चौमूं में मोबाइल इंटरनेट सहित सोशल मीडिया सेवाओं को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है।
संभागीय आयुक्त, जयपुर संभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार 26 दिसंबर सुबह 7 बजे से 27 दिसंबर शाम 7 बजे तक चौमूं क्षेत्र में 2G, 3G, 4G, 5G मोबाइल इंटरनेट डेटा, बल्क एसएमएस, व्हाट्सऐप, फेसबुक, ट्विटर (एक्स) सहित अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स की सेवाएं निलंबित रहेंगी। हालांकि वॉयस कॉल और ब्रॉडबैंड सेवाएं चालू रहेंगी।
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह निर्णय राजस्थान लोक सुरक्षा (जन आपातकाल या लोक सुरक्षा) नियम-2017 के तहत लिया गया है। प्रशासन का मानना है कि वर्तमान हालात में सोशल मीडिया के माध्यम से भ्रामक सूचनाएं फैलने की आशंका बनी हुई है, जिससे शांति व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।

गौरतलब है कि चौमूं के मुख्य बस स्टैंड क्षेत्र में मस्जिद के पास रैलिंग लगाने को लेकर विवाद गहराने के बाद पुलिस पर पथराव हुआ था, जिसमें छह पुलिसकर्मी घायल हो गए थे। घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस जाब्ता तैनात है और स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।


प्रशासन ने आमजन से शांति बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की है। आदेश की अवहेलना करने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई किए जाने की चेतावनी भी दी गई है।
फिलहाल पुलिस और प्रशासन हालात पर कड़ी नजर बनाए हुए हैं और दोषियों की पहचान कर कार्रवाई की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here