श्रद्वा भाव से मनाया गया क्रिसमस का पर्व

0
121

जयपुर। प्रेम, दया, शांति का संदेश देने वाले  यीशु का जन्मोत्सव गुरुवार को क्रिसमस डे के रूप में धूमधाम से मनाया गया।   प्रभु यीशु के जन्म की झांकियों से सजे गिरजाघरों में ईसाई समाज के लोग उमड़ पड़े।  जयपुर के भी सभी चर्च रंगीन फर्रियों और बल्बों की रोशनियों से जगमगाते दिखे। इसाई समाज के लोगों के घर-घर क्रिसमस ट्री लगाए गए। क्रिसमस केक काट कर लोगों ने प्रभु यीशु को याद किया। एक-दूसरे को केक खिलाकर क्रिसमस की बधाई दी। राजधानी के सभी चर्च में सुबह से  दोपहर तक विशेष प्रार्थना सभाओं का दौर चला। पादरी, पास्टर, फादर ने ईसा मसीह के विशेष संदेशों का बखान किया।  बाइबिल पाठ के साथ सुख-समृद्धि सहित विश्व में अमन चैन के लिए प्रार्थना की गई। पादरियों ने युवाओं को प्रभु यीशु के संदेशों के आत्मसात करने का आह्वान किया। श्रद्धालुओं ने कैरल्स गाए। मोमबत्ती जलाकर एक-दूसरे बधाई दी और केक खिलाकर मुंह मीठा करवाया। सांता क्लॉज  ने छोटे बच्चों को गिफ्ट और चॉकलेट बांटी। जयपुर के ऑल सेंट चर्च, सेंट जेवियर चर्च में सुबह से रौनक छाई रही। क्रिसमस ट्री और गोशाला की झांकी आकर्षण का केन्द्र रही। चांदपोल स्थित सेंट एंड्रयूज चर्च पर खासी चहल पहल रही। यहां अन्य धर्मों के लोग भी मसीह समाज के श्रद्धालुओं को बधाई देने पहुंचे।

सोशल मीडिया पर भी लोगों ने क्रिसमस-डे की बधाइयां दी।  सेंट्रल मेथोडिस्ट चर्च (एमआई रोड), ऑल सेंट्स चर्च (सी-स्कीम), सेंट जेवियर्स चर्च (अशोक मार्ग), होली रिडीमर चर्च (मालवीय नगर), एलएलजेएम चर्च (मानसरोवर) और न्यू इंडिया चर्च ऑफ गॉड (वैशाली नगर) सहित अन्य चर्च में भी विशेष प्रार्थनाओं का आयोजन हुआ। विशेष प्रार्थना सभा को दौरान छोटे बच्चे सांता के वेश में नजर आए।

बाजारों में परिवार सहित पहुंचे लोग:

राजधानी के बाजारों, मॉल, होटल सहित अन्य स्थानों पर क्रिसमस का उल्लास छाया रहा। क्रिसमस थीम पर सजे शॉपिंग मॉल  पर ईसाई समाज के लोग शाम को परिवार सहित पहुंचे। क्रिसमस पर लोगों ने जरुरतमंदों को उपहार, कपड़े, मिठाइयां और खाने की चीजें बांटी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here