जयपुर। सिविल लाइंस प्रीमियर लीग (सीएलपीएल)–2026 ने युवाओं के जोश—जज्बे और जुनून की ऐसी रोमांचक गाथा लिखी। जहां गणपति नगर रेलवे ग्राउंड पर आठ दिनों तक चले इस खेल महाकुंभ का रविवार को भव्य समापन हुआ। मैदान पर गूंजते नारों और तालियों की गड़गड़ाहट के बीच फाइनल मुकाबले में हरिनगर टाइगर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ट्रॉफी पर कब्जा जमाया,जबकि सिविल लाइंस राइडर्स ने संघर्षपूर्ण खेल के साथ उपविजेता का गौरव हासिल किया।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि विधायक गोपाल शर्मा ने विजेता टीम हरिनगर टाइगर्स (बनीपार्क मंडल) को ट्रॉफी प्रदान की। उन्होंने विजेता टीम को 51 हजार रुपए और उपविजेता टीम को 21 हजार रुपए की नकद पुरस्कार राशि के साथ ट्रॉफी प्रदान की।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फिट इंडिया मिशन की प्रेरणा से आयोजित इस लीग ने सिविल लाइंस के युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का सशक्त मंच दिया है। विधायक शर्मा ने कहा कि खेल का मैदान सिर्फ प्रतिस्पर्धा का स्थल नहीं,बल्कि अनुशासन,समर्पण और टीम वर्क की पाठशाला है। यहीं से भविष्य के लीडर्स तैयार होते हैं।
शर्मा ने कहा कि खिलाड़ियों के चेहरों पर जो आत्मविश्वास और उपलब्धि की चमक मैंने देखी, वही इस आयोजन की सबसे बड़ी सफलता है। जब युवा मैदान में उतरते हैं, तो पूरा क्षेत्र उत्साह और ऊर्जा से खिल उठता है। पूरे आयोजन के दौरान हर मैच में खिलाड़ियों ने खेल भावना,अनुशासन और उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिचय दिया।
विधायक शर्मा ने सीएलपीएल–2026 के सफल एवं भव्य आयोजन के लिए सेवा भवन टीम, समस्त कार्यकर्ताओं, आयोजकों और खिलाड़ियों का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भविष्य में इस लीग को और अधिक व्यापक स्वरूप दिया जाएगा, ताकि सिविल लाइंस खेल प्रतिभाओं का सशक्त केंद्र बन सके।




















