जयपुर। प्रदेश में चल रहे मनरेगा बचाओ संग्राम को और गति देने के लिए राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, को-ऑर्डिनेशन कमेटी के अध्यक्ष डॉ. सी.पी. जोशी तथा सिविल सोसाइटी के प्रतिनिधियों के बीच रविवार को महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में केंद्र की भाजपा सरकार द्वारा मनरेगा कानून को कमजोर किए जाने के विरोध में चल रहे अभियान को लेकर आगामी कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा तय की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि मनरेगा के तहत कराए गए कार्यों तथा इससे ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले गरीब परिवारों की सामाजिक एवं आर्थिक स्थिति में आए सकारात्मक बदलाव की जानकारी आमजन तक प्रभावी रूप से पहुंचाई जाएगी। कांग्रेस पार्टी और सिविल सोसाइटी आपसी समन्वय एवं सहयोग से इस अभियान को जन-जन तक ले जाने का कार्य करेंगी।
इस अवसर पर सिविल सोसाइटी की ओर से निखिल दे, कमल कुमार टाक, मुकेश कुमार सहित बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। नेताओं ने मनरेगा को ग्रामीण रोजगार और सामाजिक सुरक्षा का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए इसके संरक्षण के लिए जन आंदोलन को और मजबूत करने का आह्वान किया।




















