कांग्रेसी पार्षदों ने महापौर पद के चुनाव को लेकर विरोध किया शुरू

0
115

जयपुर। जयपुर नगर निगम हेरिटेज में वार्ड 63 में तीन सितम्बर को होने जा रहे उपचुनाव के साथ ही महापौर पद के चुनाव को लेकर विरोध शुरू हो गया है। जहां कांग्रेसी पार्षदों ने सरकार से कार्यवाहक महापौर के पद पर चुनाव की मांग की है। इसके साथ ही ऐसा नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी है।

कांग्रेसी पार्षद दशरथ सिंह शेखावत ने बताया कि नगर निगम हेरिटेज में पिछले दिनों वार्ड 63 पार्षद सुशीला देवी का निधन हो गया था। इसके बाद राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा वहां पूरी चुनाव प्रक्रिया को अपनाते हुए तीन सितंबर को उपचुनाव का आयोजन करवाया जा रहा है। जहां आम जनता वोट के माध्यम से एक बार फिर पार्षद का चुनाव करेगी। जबकि उससे ज्यादा कार्यकाल जयपुर नगर निगम हेरिटेज में कार्यवाहक महापौर का हो चुका है। लेकिन शासन और प्रशासन इस और ध्यान नहीं दे रहे हैं।

शेखावत का कहना है कि पार्षद के चुनाव से सरल प्रक्रिया महापौर चुनाव की है। जो सिर्फ सात दिन की है। इसमें जनता द्वारा चुने गए सौ पार्षद ही अपने प्रतिनिधि का चयन करेंगे। लेकिन भारतीय जनता पार्टी ऐसा नहीं करना चाहती है। क्योंकि असलियत में उनके पास बहुमत ही नहीं है। नियमों के विपरीत जाकर असंवैधानिक तरीके से सरकार लगातार कार्यवाहक महापौर को एक्सटेंशन दे रही है। जिससे नगर निगम में भ्रष्टाचार फैल रहा है।

अधिकारी कांग्रेस ही नहीं बल्कि, बीजेपी के पार्षद और चेयरमैन तक की सुनवाई नहीं कर रहे हैं। इसलिए कांग्रेस पार्टी नगर निगम हेरिटेज में महापौर पद पर चुनाव की मांग करती है। क्योंकि स्वस्थ लोकतंत्र के लिए चुनाव बेहद जरूरी है। ऐसे में अगर राजस्थान सरकार ने समय रहते मेयर पद पर चुनाव नहीं करवाया तो हम बड़ा आंदोलन करेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here