जयपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने कार्रवाई करते हुए अलवर जिले के कठूमर थाने में एक कांस्टेबल और एक निजी व्यक्ति को 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है।
एसीबी पुलिस महानिदेशक गोविन्द गुप्ता ने बताया कि हेल्पलाइन 1064 पर मिली शिकायत के अनुसार परिवादी के रिश्तेदार के खिलाफ दर्ज मुकदमे में मदद करने के नाम पर एएसआई नरेंद्र सिंह, कांस्टेबल रामेश्वर सिंह और निजी व्यक्ति निरंजन सिंह द्वारा 20 हजार रुपए की रिश्वत मांगी जा रही थी।
इस शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी जयपुर रेंज के उपमहानिरीक्षक अनिल कयाल के निर्देशन में भरतपुर इकाई ने जांच की। इसके बाद दौसा एसीबी के उप अधीक्षक पुलिस रविन्द्र सिंह के नेतृत्व में ट्रैप कार्रवाई की गई।
इस कार्रवाई के दौरान कांस्टेबल रामेश्वर सिंह और निरंजन सिंह को परिवादी से 20 हजार रुपए लेते पकड़ा गया। बरामद राशि निजी व्यक्ति के पास से जब्त की गई। मामले में एएसआई नरेंद्र सिंह की गिरफ्तारी शेष है।




















