जयपुर। राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान में स्नातकोत्तर (पीजी) बैच 2022-23 के चिकित्सकों के लिए “स्नातकोत्तर-दीक्षांत-विदाई-समारोह” का आयोजन संस्थान के ऑडिटोरियम में किया गया। कार्यक्रम में संस्थान के चिकित्सक, शिक्षक, अधिकारी एवं पीजी स्कॉलर्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में संस्थान के कुलपति प्रोफेसर संजीव शर्मा उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आयुर्वेद के क्षेत्र में उनकी भूमिका समाज के स्वास्थ्य संवर्धन में अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने विद्यार्थियों को ज्ञान, सेवा और अनुसंधान के माध्यम से देश-विदेश में आयुर्वेद को नई पहचान दिलाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं और संस्थान में बिताए गए अपने अनुभव साझा किए। इस दौरान भावुक माहौल में विद्यार्थियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर डीन पीजी प्रोफेसर गोपेश मंगल ने भी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समारोह में उपस्थित सभी जनों ने विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना की और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।



















