
जयपुर। प्रादेशिक परिवहन कार्यालय (आरटीओ) जयपुर द्वितीय की ओर से सड़क सुरक्षा और परिवहन नियमों के प्रभावी पालन के लिए लगातार सख्त प्रवर्तन कार्रवाई की जा रही है। विभाग का कहना है कि इन कार्रवाइयों के चलते नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है, जिससे कुछ लोग असंतुष्ट होकर एकपक्षीय जानकारी के साथ मीडिया तक पहुंचने का प्रयास करते हैं।
आरटीओ जयपुर द्वितीय के मोटर वाहन निरीक्षक राजेश कुमार चौधरी ने बताया कि कार्यालय पिछले तीन वर्षों से राजस्व अर्जन के क्षेत्र में भी प्रदेश में लगातार प्रथम स्थान प्राप्त कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रभावी प्रवर्तन कार्रवाई के कारण कुछ व्यक्ति या संस्थाएं असंतोष व्यक्त कर सकती हैं, लेकिन ऐसे मामलों में उनके पास कानूनी समाधान उपलब्ध हैं।
उन्होंने कहा कि कई बार संवाद के अभाव में विभाग का पक्ष सामने नहीं आ पाता, जिससे खबरों में पूरी तथ्यात्मक स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाती। पत्रकारिता की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए आवश्यक है कि किसी भी समाचार में दोनों पक्षों के तथ्य सामने आएं।
चौधरी ने कहा कि सड़क सुरक्षा अत्यंत गंभीर विषय है, जिससे समाज का प्रत्येक व्यक्ति जुड़ा हुआ है। ऐसे में सड़क सुरक्षा के लिए की जा रही प्रभावी प्रवर्तन कार्रवाई को प्रोत्साहित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने पत्रकारों से अपील की कि यदि आरटीओ जयपुर द्वितीय से संबंधित कोई समाचार सामने आए तो उसकी तथ्यात्मक पुष्टि के लिए सीधे कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है। आवश्यकता पड़ने पर संबंधित दस्तावेज और तथ्य उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि सही और प्रमाणिक जानकारी आमजन तक पहुंच सके।
उन्होंने कहा कि प्रशासन, मीडिया और समाज के संयुक्त प्रयासों से ही सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सकती है और परिवहन नियमों का प्रभावी पालन सुनिश्चित किया जा सकता है।



















