जयपुर। सोडाला थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 10 हजार रुपये के इनामी बदमाश शोएब भिश्ती उर्फ शोएब अख्तर को गिरफ्तार किया है। आरोपी पिछले काफी समय से आर्म्स एक्ट के मामले में फरार चल रहा था और अपनी पहचान छिपाने के लिए केवल सोशल मीडिया के जरिए ही लोगों के संपर्क में था।
पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) राजर्षि राज ने बताया कि जून 2025 में सोडाला पुलिस ने शोएब कुरैशी नाम के एक व्यक्ति को देशी कट्टे और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया था। पूछताछ में सामने आया कि उसने यह हथियार अपने परिचित समीर के माध्यम से शोएब भिश्ती (निवासी कागजी मोहल्ला, सांगानेर) से खरीदा था। तभी से पुलिस को शोएब भिश्ती की तलाश थी।
आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था। वह फोन कॉल के बजाय इंस्टाग्राम और वॉट्सऐप के जरिए अपने परिचितों से बात करता था और अक्सर घर से गायब रहता था। मामले की गंभीरता को देखते हुए 19 फरवरी 2026 को उसकी गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
थानाधिकारी बलवीर सिंह के नेतृत्व में गठित विशेष टीम (हैड कांस्टेबल राजकुमार, कांस्टेबल गणेश राम और जयपाल) को तकनीकी संसाधनों की मदद से इनपुट मिला कि आरोपी गंगापुर सिटी और उसके आसपास अपने रिश्तेदारों में छिपा हुआ है। इस पर टीम ने 28 मार्च को गंगापुर सिटी में दबिश दी और रात के समय घेराबंदी कर उसे दस्तयाब कर लिया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी शोएब के खिलाफ पूर्व में भी कोतवाली थाने में लूट, रामगंज थाने में आर्म्स एक्ट और उदेई मोड़ थाने में मारपीट व आर्म्स एक्ट के गंभीर प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस अब आरोपी से रिमांड के दौरान हथियारों के स्रोत और उन्हें खरीदने-बेचने वाले नेटवर्क के बारे में पूछताछ करेगी।




















