10 हजार का इनामी बदमाश राज सिकरवार गिरफ्तार

0
36
pratap nagar
pratap nagar

जयपुर। प्रताप नगर थाना पुलिस ने लूट के मामले में फरार चल रहे 10 हजार रुपये के इनामी और शातिर अपराधी राज सिकरवार को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक लोडेड देसी कट्टा, एक जिंदा कारतूस और वारदात में प्रयुक्त कार भी जब्त की है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस उपायुक्त पूर्व रंजिता शर्मा ने बताया कि प्रताप नगर थाना पुलिस ने लूट के मामले में फरार चल रहे 10 हजार रुपये के इनामी और शातिर अपराधी राज सिकरवार निवासी मुरैना (एमपी) को गिरफ्तार किया है।
पकड़े जाने के दौरान शातिर बदमाश ने पुलिस को चकमा देकर भागने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद टीम ने पीछा कर उसे दबोच लिया।

इस भागदौड़ के दौरान एक गड्ढे में गिरने से उसके पैर में चोट आई, जिसके बाद उसे आरयूएचएस अस्पताल ले जाया गया। आरोपित मूल रूप से मुरैना (एमपी) एक आदतन अपराधी है। वह पुलिस पर फायरिंग करने वाली कुख्यात हंसराज उर्फ हंसू और रोहित धोबी गैंग का सक्रिय सदस्य है। उसके खिलाफ जयपुर के विभिन्न थानों में लूट, वाहन चोरी, पोक्सो एक्ट और आर्म्स एक्ट के कुल 8 गंभीर मामले दर्ज हैं।

थानाधिकारी पूरण मल यादव ने बताया कि आरोपी राज सिकरवार ने बीते 14 फरवरी 2026 को प्रताप नगर इलाके में एक सुनार के साथ लूट की वारदात को अंजाम दिया था। इस मामले में अन्य आरोपी पहले ही पकड़े जा चुके थे, लेकिन राज फरार चल रहा था। पुलिस टीम को इनपुट मिला कि आरोपी दिल्ली में टैक्सी चला रहा है।

पुलिस जब दिल्ली पहुंची तो वह वहां से भाग निकला। इसके बाद पुलिस ने उसके पिता को इंदौर (मध्य प्रदेश) से डिटेन किया। पिता से मिली लोकेशन और सीडीआर के आधार पर पुलिस ने राज का पीछा किया और उसे जयपुर के प्रताप नगर इलाके से ही धर दबोचा। इस कार्रवाई में हेड कांस्टेबल दशरथ, दयाराम, कांस्टेबल शंकर लाल और गणेश की विशेष भूमिका रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here