जयपुर। सिंधी समाज के प्रमुख पर्व चेटीचंड के पखवाड़ा कार्यक्रमों के तहत चेटीचंड सिंधी मेला समिति, महानगर जयपुर के तत्वावधान में रविवार को आदर्श नगर स्थित दशहरा मैदान में विशाल सिंधु मेले का आयोजन किया गया। मेले में भगवान झूलेलाल की अलौकिक झांकी आकर्षण का केंद्र रही और सामाजिक सरोकारों के साथ स्वस्थ भारत का संदेश भी दिया गया।
समिति अध्यक्ष नरेंद्र मूलचंदानी (सीए) और महासचिव प्रमोद नावानी ने बताया कि मेले का शुभारंभ अमरपुरा के संत मोनूरामजी द्वारा भगवान झूलेलाल की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर तथा धर्म ध्वजा फहराकर किया गया। इस दौरान सिंधी संस्कृति और परंपराओं को दर्शाने वाले धार्मिक व सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दी गईं।
मेला प्रमुख विजय बालानी ने बताया कि मेले के मध्य भगवान झूलेलाल का भव्य और मनोहारी मंदिर बनाया गया था, जहां श्रद्धालुओं ने आस्था के साथ दर्शन कर मनोकामनाएं मांगीं। वरुण अवतार भगवान झूलेलाल की अलौकिक झांकी विशेष आकर्षण रही। झांकी में फव्वारे, पर्वत पर विराजमान भगवान शंकर, पीछे घूमता मोर चक्र और हिलती गर्दन वाले शेरों की आकृतियां बच्चों के लिए रोमांच का कारण बनीं।
कोषाध्यक्ष दीपक वरंदानी ने बताया कि बच्चों के लिए रंग भरो प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें बच्चों ने भगवान झूलेलाल के चित्रों में रंग भरकर प्रतिभा दिखाई। महिलाओं के लिए व्यंजन प्रतियोगिता का आयोजन हुआ, जिसमें पारंपरिक सिंधी व्यंजनों की खुशबू से पूरा मेला परिसर महक उठा। वहीं पल्लव प्रतियोगिता में श्रद्धालुओं ने पल्लव प्रार्थना के माध्यम से सभी के मंगल की कामना की।
पखवाड़ा सचिव अर्जुन मेहरचंदानी ने बताया कि मेले में अमरापुर दरबार की ओर से डोडा-चटनी, झूलेलाल मंदिर सिंधी कॉलोनी की ओर से मीठे चावल और छोले तथा एक श्रद्धालु की ओर से ब्रेड-छोले का निशुल्क वितरण किया गया। प्रसिद्ध कलाकार मनोज मामनानी ने सिंधी संगीत की प्रस्तुति देकर समां बांधा। मेले में विभिन्न खानपान की स्टॉल्स लगीं और बच्चों के लिए घुड़सवारी व झूलों की व्यवस्था भी की गई।
सामाजिक सरोकार के तहत मेले में अंगदान, नेत्रदान और देहदान के लिए प्रेरित किया गया तथा संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और नशामुक्त जीवन अपनाने का संदेश देकर स्वस्थ भारत की अवधारणा को भी बढ़ावा दिया गया।
कार्यक्रम में कालीचरण सराफ, गोपाल शर्मा, अशोक परनामी, अजयपाल सिंह, स्वामी बाल मुकुंदाचार्य, रवि नय्यर, जय आहूजा, अमित गोयल, प्रिया ज्ञानानी, चंद्रप्रकाश खेतानी सहित कई विशिष्टजन और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
इससे पहले सुबह त्रिमूर्ति सर्किल से एकता वाहन रैली निकाली गई, जो दशहरा मैदान पहुंचकर मेले में शामिल हुई। रैली में मोहनलाल वाधवानी, महेंद्र तीर्थानी, कमल आसवानी, विष्णुदेव सामतानी, धर्मदास मोटवानी, नारायणदास नजवानी, गिरधारी मनकाणी, रतन ऐलानी सहित कई लोग शामिल हुए।




















