निर्माणाधीन मकान से चोरी करने वाला शातिर नकबजन गिरफ्तार

0
53
Cunning Burglar Who Stole from Under-Construction House Arrested
Cunning Burglar Who Stole from Under-Construction House Arrested

जयपुर। हरमाड़ा थाना पुलिस ने निर्माणाधीन मकान से कॉपर वायर और लोहे के सरिए चोरी करने वाले शातिर नकबजन को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी का सामान व बाइक बरामद की है। पुलिस आरोपी से अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।

पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) प्रशांत किरण ने बताया कि 30 मार्च को विवेक प्रकाश (31) निवासी दुर्गापुरी कॉलोनी, हरमाड़ा ने मामला दर्ज कराया था। रिपोर्ट में बताया कि 29 मार्च दोपहर करीब 2 बजे वह अपने निर्माणाधीन मकान की छत पर कार्य कर रहा था। इसी दौरान एक युवक आया और ठेकेदार के नाम पर नीचे सामान मंगवाने की बात कहकर चला गया।

शक होने पर परिवादी ने सीसीटीवी फुटेज देखे, जिसमें आरोपी दो बार मकान में आकर हैवल्स कंपनी के कॉपर वायर के 10 बंडल, छत तोड़ने की हैमर मशीन, लोहे के फर्मा व सरिए चोरी कर ले जाता नजर आया। चोरी गए सामान की कीमत करीब 80 हजार रुपए आंकी गई।

मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने विशेष टीम गठित कर सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज खंगाले और आरोपी ताराचंद हरिजन (30) निवासी गुड़ा मानपुरा, कालवाड़ (हाल किरायेदार नारायण नगर, बेनाड़ रोड) को जेडीए तिराहे, लोहा मंडी से गिरफ्तार किया।

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी नशे की लत पूरी करने के लिए दिन में कॉलोनियों की रेकी कर सुनसान मकानों को निशाना बनाता था और चोरी का सामान औने-पौने दामों में बेच देता था। वारदात के लिए वह चोरी की बाइक का इस्तेमाल करता था। पुलिस ने उसके कब्जे से श्याम नगर क्षेत्र से चुराई गई बाइक भी बरामद की है।

कार्रवाई में थानाधिकारी उदयसिंह, हेड कांस्टेबल राजेंद्र कुमार, कांस्टेबल दयाराम और महेंद्र की अहम भूमिका रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here