जयपुर। गौ माता को देशभर में राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाने की मांग जोर पकड़ रही है। राजस्थान में भी अब गौ माता को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाने के लिए महारैली का आयोजन होने जा रहा है। भारतीय गौ क्रांति मंच की ओर से एक अक्टूबर को महारैली का आयोजन होगा। वैशाली नगर स्थित राठौड़ नगर में महारैली के पोस्टर का विमोचन हुआ। इस दौरान उत्तर प्रदेश के राज्य मंत्री रघुराज सिंह, भारतीय गौ क्रांति मंच के अध्यक्ष ताराचंद कोठारी व अन्य मौजूद रहें।
पोस्टर विमोचन पर राज्य मंत्री रघुराज सिंह ने कहा कि गाय माता को राष्ट्र माता का दर्जा मिलना जरूरी है। सदियों पहले हिंदुस्तान में सिर्फ गायों का दूध पीया जाता था। जिसकी वजह यहां के लोग बहुत बुद्धिमान होते थे। बाद में भैस का दूध प्रचलन में आने लगा।
लेकिन गुणवत्ता में गाय के दूध का मुकाबला भैस का दूध नहीं कर सकता है। इसके साथ ही गाय के गो मूत्र का उपयोग दवाओं में किया जाता है। इसके अलावा गाय माता में देवताओं का निवास होता है। ऐसे कई कारण है जिसकी वजह से गाय का राष्ट्रमाता का दर्जा मिलना चाहिए।
भारतीय गौ क्रांति मंच के अध्यक्ष ताराचंद कोठारी ने कहा कि गाय को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाने के लिए एक अक्टूबर को महारैली का आयोजन होगा। यह महारैली गोविंद देवजी मंदिर से शुरू होगी। फिर यह रैली झारखंड मंदिर तक पहुंचेगी। महारैली में हजारों लोग भाग लेंगे। कोठारी ने कहा कि गौ माता पूरे विश्व व भारतीय संस्कृति का आधार है। सनातन धर्म व विश्व की रक्षा के लिए गौ माता को बचाना जरूरी है।