जयपुर। करधनी में स्थित कालवाड़ रोड पर हरनाथपुरा में करधनी महिला मंडल की ओर से शनिवार को विनायक विहार कॉलोनी -सी में राष्ट्र जागरण दीप महायज्ञ का आयोजन किया गया। जिसमें शामिल हुए सैंकड़ो की संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रज्जवलित दीपकों से अक्षत के माध्यम से श्रद्धा की आहुतियां अर्पित की।
व्यासपीठ से दिनेश आचार्य ने कहा कि जिस प्रकार एक छोटा सा दीपक घी की आखिरी बूंद रहने तक स्वयं को जलाकर दूसरों को उजाला बांटता है वैसे हमें भी अपनी अल्प क्षमता होते हुए भी समाज में ज्ञान का प्रकाश बांटना चाहिए। दीपक सूर्य का प्रतिनिधि है तो मनुष्य परम पिता का अंश है। आयोजन से जुड़े सुनील कुमार ने बताया कि श्रवण बागड़ा ने प्रारंभ में वेदमाता गायत्री, पं. श्रीराम शर्मा आचार्य, भगवती देवी शर्मा का भावभरा आह्वान कर पूजन किया गया। अन्य देव शक्तियों का पंचोपचार पूजन कर दीप प्रज्वलित किए गए।
कॉलोनी के हर घर से महिलाएं पांच-ग्यारह दीपक लेकर पहुंची। ग्यारह सौ से अधिक दीपक प्रज्वलित होने से आयोजन स्थल दीपावली की तरह प्रकाशवान हो उठा। इस मौके पर बसंत पंचमी से शुरू होने वाले ब्रह्मास्त्र गायत्री साधना अनुष्ठान का संकल्प भी करवाया गया।




















