जयपुर। गोनेर रोड विधाणी स्थित श्री गोपाल सागर आश्रम में छह दिवसीय विधाणी परिक्रमा महोत्सव में मंगलवार को श्री मिथिला बिहारी जी के सान्निध्य में शोभायात्रा निकाली गई। ठाकुर जी की पूजा अर्चना के बाद जगदीश मंदिर, गोनेर से शोभायात्रा रवाना हुई। परिक्रमा में जुगल सरकार के स्वरूप की झांकी मुख्य आकर्षण रही। पांच किलोमीटर के मार्ग में हजारों श्रद्धालु झांझ मंजीरे, ढोलक, हारमोनियम और चंग बजाते हुए नाचते गाते और रामधुनी करते नजर आए। सैकड़ों श्रद्धालु सीताराम सीताराम करते चलते रहे।
महोत्सव के लिए आश्रम परिसर को रंग बिरंगी लाइटों से सजाया गया। यहां पहुंचने पर श्रद्धालुओं ने स्वरूप सरकारों की पूजा अर्चना कर भेंट नजर की। इसके साथ ही छह दिन से आश्रम में लगातार जारी अखंड रामधुन का समापन भी हुआ। महाराज के आशीर्वाद से महोत्सव का समापन हुआ। सभी श्रद्धालुओं ने पंगत प्रसादी ग्रहण की। शोभायात्रा में अनेक मंत्री, विधायक, राजस्थान सरकार के आला अधिकारी और गणमान्य नागरिकों ने भी शिरकत की। राजस्थान के अलावा हरियाणा, पंजाब और दिल्ली से भी श्रद्धालु शामिल हुए।
झांकियां रही खास
परिक्रमा में राधा कृष्ण, सीताराम जी, जुगल सरकार, बड़े बाबा भजनानंद, छोटे बाबा चेतनानंद, मां साहिब बनारसी देवी की झांकी सहित करीब एक दर्जन से अधिक मनमोहक झांकियां शामिल रही। आरती कर शोभायात्रा का स्वागत किया गया। संयोजक लक्ष्मी निधि सरजू बिहारी ने बताया कि इससे पूर्व सुबह आश्रम में पाटोत्सव भी मनाया गया। इसमें षोडशोपचार से पूजा हुई।
पुष्प वर्षा और स्वागत द्वार पर हुई आरती
शोभायात्रा में दर्जनों स्थानों पर जगह जगह ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया। मार्ग में कई स्थानों पर फल, खील मखाने, लड्डू इत्यादि प्रसाद का वितरण भी किया गया। कई जगह आतिशबाजी भी की गई।