जयपुर। दिल्ली में आतंकी घटना सहित देश-प्रदेश में आए दिन हो रहे हादसे, आगजनी पर रोक लगाने की भाव भरी प्रार्थना के रूप में ठिकाना मंदिर श्री गोविंद देवजी में महंत अंजन कुमार गोस्वामी के सान्निध्य में पंच कुंडीय गायत्री महायज्ञ का आयोजन किया गया। मंदिर के सेवाधिकारी मानस गोस्वामी ने ठाकुर श्री राधा गोविंद देवजी, देव माता गायत्री और गुरु सत्ता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्जवलन कर यज्ञ का शुभारंभ किया। गायत्री शक्तिपीठ ब्रह्मपुरी से आचार्य पीठ से मुकेश सिंगोदिया ने तीन पारियों में सैकड़ों श्रद्धालुओं से विश्व कल्याण की कामना के साथ आहुतियां अर्पित करवाई।
दिल्ली में आतंकी घटना में मारे गए लोगों की आत्म शांति के लिए विश्व हिंदू परिषद की अनुपमा मोदी की अगुवाई में विभिन्न बस्तियों से आए बच्चों ने भी भगवान से ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने की प्रार्थना करते हुए यज्ञ भगवान को आहुतियां प्रदान की। बच्चों के मेधावी बनने की कामना के साथ सरस्वती गायत्री मंत्र से आहुतियां प्रदान की गई। श्री श्याम सेवा संघ मानसरोवर के अध्यक्ष विमल सोनी ने सभी बच्चों को गायत्री मंत्र लेखन पुस्तिका, कॉपी और स्टेशनरी से जुड़े सामान का किट भेंट किया।
वहीं वास्तुशास्त्री नेहा ने बच्चों को चॉकलेट दी। इस मौके पर गर्भ में पल रहे शिशु के सर्वांगीण विकास के लिए एक दर्जन से अधिक गर्भवती महिलाओं ने वैदिक गर्भोत्सव संस्कार कराया। आओ गढ़े संस्कारवान पीढ़ी राजस्थान की प्रभारी डॉ. सरोज गुप्ता ने गर्भावस्था के दौरान रखी जाने वाली सावधानियों, चिंतन, आहार-विहार, रहन-सहन पर प्रकाश डाला। उपस्थित लोगों ने गर्भस्थ शिशु के कल्याण के लिए पुष्प वर्षा की। इस अवसर पर जन्मदिन और विवाह दिवस संस्कार भी कराए गए। गायत्री चेतना केंद्र जनता कॉलोनी की ओर से बुक फेयर लगाया गया।




















