जयपुर। विद्याधर नगर स्टेडियम में पांच दिवसीय श्री हनुमंत कथा का भव्य आयोजन किया जाएगा। जिसमें बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र शास्त्री महाराज कथा का वाचन करेंगे। हाथोज धाम के पीठाधीश्वर बालमुकुंद आचार्य महाराज इस आयोजन के संरक्षक होंगे। कथा के शुभारंभ से पूर्व भव्य कलश यात्रा का भव्य आयोजन किया जाएगा। जिसमें लगभग 31 हजार महिलाएं शामिल होंगी।
विद्याधर नगर स्टेडियम आयोजन समिति के तत्वावधान में होने वाली इस हनुमंत कथा में शाही लवाजमें के साथ भव्य कलश यात्रा का आयोजन किया जाएगा। जिसमें ऊंट,हाथी और घोड़ो का शाही जुलूस शामिल होगा। विभिन्न सामाजिक संगठनों का तोरण द्वार बनाकर स्वागत किया जाएगा। संतों के लिए अलग-अलग बग्गियों की व्यवस्था की जाएगी। कलशयात्रा के शुभारंभ पर रंगीन गुब्बारे हवा में छोड़े जाएंगे और हेलिकॉप्टर से पुष्प वर्षा का भव्य आयोजन किया जाएगा।
धीरेंद्र शास्त्री देगे हनुमान के गूढ़ रहस्यों की जानकारी
विद्याधर नगर में आयोजित होने वाली इस हनुमंत कथा में कथा वाचक धीरेंद्र शास्त्री हनुमान जी के गूढ़ रहस्यों की जानकारी देंगे। प्रतिदिन सुबह हनुमंत महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा। यज्ञ में विशेष मंत्रों के साथ हनुमान चालीसा का पाठ,दोहे और चौपाईयों के साथ हवन में आहुतियां अर्पित की जाएंगी। इस यज्ञ का आयोजन विश्व कल्याण,रोग मुक्ति,धन-यश प्राप्ति के साथ विभिन्न बाधाओं को दूर करने के लिए किया जा रहा है।