जयपुर। दिगम्बर जैन धर्मावलम्बियों ने शुक्रवार को वीर शासन जयन्ती पर्व भक्तिभाव से मनाया। इस मौके पर शहर में चातुर्मास स्थलों एवं मंदिरों में भगवान महावीर के उपदेशों पर जैन संतों के विशेष प्रवचन हुए । मुख्य आयोजन राजस्थान जैन सभा जयपुर के तत्वावधान में सांगानेर थाना सर्किल स्थित श्री महावीर दिगम्बर जैन मंदिर में आचार्य सुन्दर सागर महाराज ससंघ के सानिध्य में हुआ।
वीर शासन जयंती के मौके पर शहर के दिगम्बर जैन मंदिर भगवान महावीर के जयकारों से गुंजायमान हो उठे। राजस्थान जैन सभा जयपुर के अध्यक्ष सुभाष चन्द जैन एवं महामंत्री मनीष बैद के मुताबिक चित्रकूट कालोनी स्थित श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर में आचार्य सुन्दर महाराज ससंघ के सानिध्य में आयोजित समारोह में विनोद जैन कोटखावदा, मनीष बैद, आदि ने भगवान महावीर एवं आचार्यों के चित्र का अनावरण एवं दीप प्रज्वलन किया।
इससे पूर्व, आचार्य सुन्दर सागर महाराज ससंघ को राजस्थान जैन सभा जयपुर की ओर से श्रीफल भेट कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस मौके पर महावीर जयंती पर प्रकाशित महावीर जयंती स्मारिका आचार्य श्री एवं अन्य मुनिराज, आर्यिका माताजी को भेट की गई।
इस मौके पर सभा की ओर से चित्रकूट कालोनी, संघीजी मंदिर सांगानेर एवं जनकपुरी मंदिर कमेटियों को वीर शासन जयन्ती की प्रशस्ति भेंट कर सम्मानित किया गया। भगवान महावीर एवं पूर्वाचार्यो के बाद आचार्य सुन्दर सागर महाराज का अष्ट द्रव्य से नाचते गाते जयकारों के साथ भक्ति पूर्वक अर्घ्य चढाया गया। जिनेन्द्र जैन जीतू ने मंगलाचरण प्रस्तुत किया।
तत्पश्चात सभा के पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों ने आचार्य सुन्दर सागर महाराज के चरणों का पाद पक्षालन कर पुण्यार्जन किया। जिसके पश्चात सभा संचालन करते हुए सभा की गतिविधियों पर प्रकाश डाला। जिसके बाद मंदिर पदाधिकारियों का स्वागत व सम्मान किया। इन्द्र भूति गौतम ने 500 लोगो के साथ भगवान महावीर के समवशरण में उनको गुरु मानते हुए मुनि दीक्षा ली।
जैन श्रावकों को अपने बच्चों एवं युवा पीढ़ी को अहिंसा, शाकाहार का पालन करने एवं धर्म से जोडने का आव्हान किया। जिनवाणी स्तुति से समापन हुआ। वीर शासन जयन्ती पर्व के उपलक्ष्य में शहर के विभिन्न जैन मंदिरों में भी संगोष्ठिया हुई। साधु संतों द्वारा भगवान महावीर के उपदेशों पर विशेष प्रवचन दिया गया।
यहां भी हुए विशेष आयोजन
विनोद जैन कोटखावदा ने बताया कि साधु सेवा तीर्थ पदमपुरा बाड़ा में आचार्य शशांक सागर मुनिराज ससंघ,बगरुं स्थित दहमीकला के प्राचीन ऋषभदेव दिगम्बर जैन मंदिर में आचार्य नवीन नन्दी महाराज, झोटवाड़ा के श्री पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन मंदिर में उपाध्याय वृषभानन्द मुनिराज ससंघ, मानसरोवर के वरुण पथ स्थित श्री दिगम्बर जैन मंदिर में उपाध्याय उर्जयन्त सागर मुनिराज, कीर्तिनगर के श्री पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन मंदिर में मुनि आदित्य सागर महाराज ससंघ,महारानी फार्म के श्री दिगम्बर जैन मंदिर में मुनि पावन सागर मुनिराज ससंघ, प्रतापनगर के सैक्टर 8 स्थित श्री शांतिनाथ दिगम्बर जैन मंदिर में मुनि अरह सागर महाराज, नाटाणियों का रास्ता स्थित पार्श्वनाथ भवन में मुनि अर्चित सागर मुनिराज, बीलवा के विमल परिसर श्री शांतिनाथ दिगम्बर जैन मंदिर में गणिनी आर्यिका नंगमति माताजी ससंघ, सांगानेर के चौमू बाग स्थित श्री पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन मंदिर में आर्यिका नन्दीश्वर मति माताजी, दुर्गापुरा के श्री चन्द्र प्रभू दिगम्बर जैन मंदिर में आर्यिका सरस्वती माताजी ससंघ के सानिध्य में प्रातः वीर शासन जयन्ती के विशेष आयोजन किए गए। इस मौके पर शहर के दिगम्बर जैन मंदिर भगवान महावीर के जयकारों से गुंजायमान हो उठे।