जयपुर। इंटरनेशनल वैश्य फेडरेशन राजस्थान की प्रदेश कार्यसमिति की दो दिवसीय मंथन बैठक 14 और 15 मार्च 2026 को जयपुर के भांकरोटा स्थित समुराई रिसोर्ट में आयोजित की जाएगी। बैठक में संगठन की गतिविधियों की समीक्षा के साथ आगामी योजनाओं और लक्ष्यों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी।
इस बैठक में राजस्थान के करीब 40 जिलों के जिला अध्यक्ष, जिला महामंत्री, जिला उपाध्यक्ष और जिला कोषाध्यक्ष सहित महिला और युवा इकाइयों के प्रतिनिधि भाग लेंगे। इसमें संगठन के विस्तार, समाज में एकता को सुदृढ़ करने, युवाओं और महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने तथा सामाजिक, शैक्षणिक और सेवा कार्यों को नई दिशा देने के विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
संगठन के राजस्थान प्रभारी ध्रुवदास अग्रवाल, प्रदेश अध्यक्ष एनके गुप्ता, प्रदेश महामंत्री गोपाल गुप्ता तथा प्रदेश कोषाध्यक्ष सुरेश कालानी ने बताया कि बैठक का उद्घाटन भजनलाल शर्मा करेंगे। वहीं मुख्य अतिथि के रूप में मदन राठौड़, उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी तथा सहकारिता मंत्री गौतम कुमार दक कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। इसके अलावा मुख्य वक्ता के रूप में भीलवाड़ा के सांसद दामोदर अग्रवाल अपने विचार व्यक्त करेंगे।
आयोजन में स्वागत अध्यक्ष के रूप में संजय अग्रवाल तथा सह-स्वागत अध्यक्ष सुनील जैन और समुराई रिसोर्ट के संचालक सह-स्वागत अध्यक्ष ताराचंद भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। साथ ही बैठक में संगठन की तीनों इकाइयों—मुख्य इकाई, महिला इकाई और युवा इकाई—द्वारा वर्तमान वर्ष में किए गए सामाजिक, संगठनात्मक और सेवा कार्यों की विस्तृत समीक्षा की जाएगी। साथ ही आगामी समय के लक्ष्यों, योजनाओं और कार्ययोजना पर व्यापक मंथन किया जाएगा।
युवा इकाई के प्रदेश अध्यक्ष मनीष गुप्ता तथा महिला इकाई की प्रदेश अध्यक्ष चारु गुप्ता के नेतृत्व में दोनों इकाइयों की गतिविधियों और भविष्य की योजनाओं पर भी चर्चा होगी। साथ ही बैठक में विकसित भारत—विजन 2047 में वैश्य समाज की भूमिका विषय पर भी मंथन किया जाएगा। जिससे समाज की सामूहिक शक्ति को राष्ट्र निर्माण से प्रभावी रूप से जोड़ा जा सके।




















