ढाबे पर खाना खाते समय विवाद: बाहर निकलते ही युवक पर फायरिंग

0
40

जयपुर। दौसा जिले के लालसोट थाना क्षेत्र के जमात स्थित दयाल भोजनालय में शुक्रवार दोपहर खाना खाते समय दो गुटों के युवकों के बीच विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। कहासुनी के बाद एक युवक ने फायरिंग कर दी, जिससे धर्मेंद्र मीणा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जयपुर रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विनोद सीपा ने बताया कि दोपहर करीब 2 बजे जमात चौराहे के पास ढाबे पर खाना खाने के दौरान दो युवकों में कहासुनी हो गई। इसके बाद बाहर निकलते ही एक युवक ने धर्मेंद्र पर गोली चला दी।
थानाधिकारी पवन जाट के अनुसार, एक गुट में 5 और दूसरे में 3 युवक शामिल थे। विवाद के बाद एक गुट के युवक कार में बैठकर निकलते समय धर्मेंद्र मीणा पर फायरिंग कर फरार हो गए।

घटना की सूचना पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विनोद सीपा और डिप्टी एसपी दिलीप मीणा मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ढाबे में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है तथा आरोपियों की तलाश के लिए टीमें गठित की गई हैं।

लालसोट जिला अस्पताल के पीएमओ डॉ. राजकुमार सहारा ने बताया कि धर्मेंद्र को गन शॉट इंजरी के चलते गंभीर हालत में जयपुर रेफर किया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here