जयपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की जोधपुर ग्रामीण टीम ने जिला अस्पताल फलोदी के चिकित्सा अधिकारी डॉ. जितेन्द्र कुमार गौड को 7 हजार रुपए रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एसीबी मुख्यालय के निर्देश पर शुक्रवार को की गई।
एसीबी डीजी गोविंद गुप्ता ने बताया कि एसीबी को शिकायत दी कि डॉ. गौड ने पुलिस थाना फलोदी में दर्ज एक मुकदमे में परिवादी व अन्य व्यक्ति की चोटों की मेडिकल रिपोर्ट उनके पक्ष में तैयार करने के बदले 10 हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी। आरोप है कि आरोपी डॉक्टर पहले ही 3 हजार रुपए रिश्वत के रूप में ले चुका था और शेष 7 हजार रुपए की मांग कर रहा था।
शिकायत के सत्यापन के बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पारस सोनी के नेतृत्व में निरीक्षक अनिल कुमार और टीम ने ट्रैप कार्रवाई की। टीम ने डॉ. गौड को 7 हजार रुपए रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। एसीबी के अनुसार आरोपी से पूछताछ जारी है।



















