घर के बाहर बैठी बुजुर्ग महिला को वैन ने कुचलते हुए 15 फीट तक घसीटा

0
28

जयपुर। महेश नगर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में घर के बाहर बैठी बुजुर्ग महिला को एक तेज रफ्तार वैन ने कुचल दिया। जानकारी के अनुसार हादसे में महिला को करीब 15 फीट तक घसीटते हुए ले जाया गया। जिससे उसकी मौके पर ही गंभीर हालत हो गई और बाद में अस्पताल में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

इस हादसे के बाद चालक वैन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और वैन को जब्त कर लिया, जिसके आधार पर पुलिस आरोपी चालक की तलाश कर रही है। इस मामले की जांच पड़ताल सड़क दुर्घटना थाना दक्षिण पुलिस की ओर से की जा रही है। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम जयपुरिया अस्पताल में करवाकर गुरुवार को परिजनों को सौंप दिया गया।

जांच अधिकारी एएसआई महेंद्र सिंह ने बताया कि यह घटना चौधरी कॉलोनी करतारपुरा की है। वहीं मृतका की पहचान कलावती गुर्जर (63) के रूप में हुई है। जो अस्थमा की मरीज थीं। सांस लेने में दिक्कत होने पर वे घर के बाहर बैठी थीं और पास में खड़े लोगों से बातचीत कर रही थीं।

इसी दौरान गली में कुछ दूरी पर खड़ी एक वैन को चालक ने स्टार्ट किया और लापरवाही से चलाते हुए महिला की ओर बढ़ा दिया। वैन ने महिला को टक्कर मारते हुए उन्हें नीचे गिरा दिया और करीब 15 फीट तक घसीटते हुए निकल गई। पास में खड़े दो लोग समय रहते पीछे हट गए। जिससे उनकी जान बच गई।

वहीं इस हादसे के बाद चालक वैन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। इस घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग तुरंत घरों से बाहर आ गए। गंभीर रूप से घायल महिला को तुरंत एक निजी अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इधर सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और वैन को जब्त कर लिया। इस घटना के मिले सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपी चालक की तलाश की जा रही है।

जांच अधिकारी एएसआई महेंद्र सिंह ने बताया कि मृतका के पति हनुमान सहाय का करीब एक माह पहले ही बीमारी के चलते निधन हो चुका था। उनके तीन बेटे हैं। इस हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार चालक की तलाश के प्रयास जारी हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here