प्यार के जाल में फंसाकर ड्रग्स सप्लाई करवाने वाली महिला तस्कर और उसके साथ गिरफ्तार

0
47

जयपुर। शास्त्री नगर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए युवाओं को प्रेमजाल में फंसाकर ड्रग्स सप्लाई करवाने वाली महिला तस्कर और उसके साथी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 150 ग्राम एमडी ड्रग, 1.987 किलो गांजा और तस्करी में प्रयुक्त स्कूटी बरामद की है।

पुलिस उपायुक्त जयपुर (उत्तर) करण शर्मा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में मीनू गुप्ता (33) निवासी हनुमान नगर द्वितीय, लालचंदपुरा खोरा बिसल और सिकंदर (29) निवासी संजय नगर झोटवाड़ा शामिल हैं। मामले में पुलिस ने महिला तस्कर से दोस्ती कर उसके तौर-तरीकों की जानकारी जुटाई और उसी रणनीति से कार्रवाई करते हुए उसे दबोचा।

थानाधिकारी दिलीप सिंह के अनुसार जांच में सामने आया कि मीनू गुप्ता काफी समय से ड्रग्स तस्करी में सक्रिय थी। वह खुद को राजस्थान होमगार्ड में स्वयंसेवक बताकर लोगों का विश्वास जीतती थी और नए युवकों को प्रेमजाल में फंसाकर उनसे ड्रग्स सप्लाई करवाती थी। साथ ही अपनी ऊंची पहुंच का डर दिखाकर उन्हें पुलिस से बचने के तरीके भी सिखाती थी।

पुलिस ने सिकंदर को अंबाबाड़ी क्षेत्र में द्रव्यवती नदी के पास से गिरफ्तार किया, जिसके कब्जे से 25 ग्राम एमडी ड्रग और एक एक्टिवा स्कूटी बरामद की गई। वहीं खोरा बिसल के लालचंदपुरा क्षेत्र से महिला मास्टरमाइंड मीनू गुप्ता को पकड़ा गया, जिसके पास से 125 ग्राम एमडी और 1.987 किलो गांजा मिला।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी पॉश इलाकों, स्कूल-कॉलेजों और फैक्ट्री क्षेत्रों को निशाना बनाकर ड्रग्स सप्लाई करते थे। सप्लाई के दौरान महिला तस्कर खुद निगरानी रखती थी। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here