जयपुर। ब्रह्मपुरी थाना पुलिस ने विशेष अभियान के तहत मादक पदार्थ, अवैध हथियार और सट्टे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चार प्रकरण दर्ज कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार, चोरी की स्कूटी, चरस और जुआ-सट्टा राशि बरामद की है।
पुलिस उपायुक्त (जयपुर उत्तर) करण शर्मा ने बताया कि अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के निर्देश के बाद अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त नीरज पाठक व सहायक पुलिस आयुक्त (आमेर) सुरेन्द्र सिंह राणावत के निर्देशन में थानाधिकारी हेमन्त जनागल के नेतृत्व में टीमों ने यह कार्रवाई की।
कार्रवाई के तहत राजीव पुरी कॉलोनी निवासी राजेन्द्र कुमार शर्मा उर्फ राजू पिकअप (33) को अवैध धारदार कटार और मानसरोवर क्षेत्र से चोरी हुई होंडा एक्टिवा के साथ गिरफ्तार किया गया। वहीं रामगंज निवासी मोहम्मद यासर खान (33) को 19 ग्राम अवैध चरस के साथ पकड़ा गया, जिसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
इसके अलावा जमवारामगढ़ निवासी महेन्द्र कुमार बुनकर (28) को सट्टे की खाईवाली करते हुए उपकरण व नकदी के साथ गिरफ्तार किया गया। वहीं चंदवाजी निवासी शौकत अली और जितेन्द्र मीणा को ताश के पत्तों पर जुआ खेलते हुए गिरफ्तार कर जुआ राशि जब्त की गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

















