खेल कोटे से 5 पुलिसकर्मियों को विशेष पदोन्नति

0
200
Rajasthan Police
Rajasthan Police

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने एशियाई और राष्ट्रमंडल खेलों के पदक विजेताओं को दिया विशेष सम्मान

जयपुर । प्रदेश में खेलों और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने की अपनी प्रतिबद्धता को दोहराते हुए मुख्यमंत्री  भजन लाल शर्मा ने आज खेल कोटे से पांच पुलिसकर्मियों को विशेष पदोन्नति दिए जाने के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की।

उपनिरीक्षक के पद पर कार्यरत सुश्री सुषमा शर्मा, सुश्री पूजा, सुश्री निधि शर्मा और  सचिन को निरीक्षक के पद पर और प्लाटून कमांडर (आरएसी) सुश्री मुस्कान मलिक को कंपनी कमांडर के पद पर विशेष पदोन्नति दी गई है। यह पदोन्नति वर्ष 2025-26 की संभावित रिक्तियों के विरुद्ध है।

सुश्री सुषमा शर्मा, सुश्री निधि शर्मा, सुश्री मुस्कान मलिक और  सचिन ने चीन में 2022 में आयोजित 19वें एशियाई खेलों में कबड्डी में स्वर्ण पदक हासिल किए। वहीं सुश्री पूजा ने वर्ष 2022 में ब्रिटेन में आयोजित राष्ट्रमंडल खेलों में कुश्ती में कांस्य पदक प्राप्त किया।

मुख्यमंत्री  भजन लाल शर्मा ने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि राज्य सरकार उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को समुचित सम्मान और अवसर प्रदान करने के लिए संकल्पित है। इन सभी खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत और लगन से राज्य और राष्ट्र का गौरव बढ़ाया है। यह पदोन्नति केवल उनकी खेल उपलब्धियों का सम्मान ही नहीं, बल्कि अन्य खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है।”

इन प्रावधानों के तहत मिली विशेष पदोन्नति

यह विशेष पदोन्नति राजस्थान पुलिस अधीनस्थ सेवा नियम, 1989 के नियम 28 (बी) के प्रावधानों और महानिदेशक पुलिस राजस्थान के स्थायी आदेश 7/2024 में वर्णित अधिकारियों की कमेटी की अनुशंसा के आधार पर की गई है। विशेष पदोन्नति प्रावधानों के अनुसार एशियाई खेलों और राष्ट्रमंडल खेलों के पदक विजेता खिलाड़ी अगले पद पर विशेष पदोन्नति पाने के लिए पात्र होते हैं। इन पदोन्नतियों के लिए उप महानिरीक्षक पुलिस (भर्ती एवं पदोन्नति बोर्ड) ने प्रस्ताव भेजे थे, जिस पर रिवॉर्ड कमेटी ने गहन पड़ताल के बाद अपनी अनुशंषा की थी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here