जयपुर। राजधानी के सांगानेर थाना क्षेत्र में साइबर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। श्योपुर रोड, प्रताप नगर स्थित सहदेवड़ा ज्वैलर्स में मंगलवार दोपहर एक शातिर बदमाश फर्जी फोन-पे पेमेंट का झांसा देकर करीब 75 हजार रुपए कीमत की सोने की अंगूठी लेकर फरार हो गया। घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
थानाधिकारी लिखमाराम ने बताया कि मंगलवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे एक युवक ग्राहक बनकर दुकान पर पहुंचा। आरोपी ने महंगे कपड़े पहन रखे थे और आंखों पर गॉगल लगाया हुआ था, जिससे वह सामान्य ग्राहक जैसा प्रतीत हो रहा था।
उसने सोने की एक अंगूठी पसंद की और भुगतान के लिए फोन-पे से ट्रांजैक्शन करने का नाटक किया। आरोपी ने दुकानदार को मोबाइल पर फर्जी पेमेंट स्क्रीन दिखाकर विश्वास में लिया और अंगूठी लेकर बाहर निकल गया। दुकान से निकलते ही वह अपने साथी के साथ कुछ ही सेकंड में फरार हो गया।
पीड़ित रामगोपाल सोनी ने बाद में जब उन्होंने अपने बैंक खाते की जांच की तो कोई रकम ट्रांसफर नहीं हुई थी। इसके बाद उन्होंने सांगानेर थाने में मामला दर्ज करवाया।
पुलिस ने दुकान और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज अपने कब्जे में लेकर आरोपी की पहचान शुरू कर दी है। पुलिस टीम संदिग्धों की तलाश में दबिश दे रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की उम्मीद जताई जा रही है।




















