जयपुर। आखिरी जुम्मे पर जयपुर की जामा मस्जिद पर अकीदमंदो का सैलाब उमड़ा और अमन चैन के लिए हजार हाथ उठे। पवित्र माह-ए-रमजान के आखिरी जुमे पर जयपुर की जामा मस्जिद पर शुक्रवार को ऐतिहासिक जामा मस्जिद में ‘अलविदा जुमा’ की नमाज अदा की गई। गुलाबी नगरी के परकोटा इलाके में हजारों की संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग इबादत के लिए एकत्रित हुए। इसके लिए प्रशासन ने पहले से ही पुराने शहर की ऐतिहासिक जामा मस्जिद समेत कई मस्जिदों में खास इंतजाम किए हुए थे।
मुस्लिम समाज के लिए अलविदा जुमा रमजान के सबसे अहम दिनों में से एक माना जाता है, इसलिए सुबह से ही लोगों में खास उत्साह देखने को मिला। रमजान के आखिरी शुक्रवार को जुम्मे की नमाज अदा करने के बाद रोजेदारों ने रोजे रखे और नमाज में खुद से हुई गलतियों के लिए खुदा से माफी मांगी। बताया जा रहा है की यह रमजान को विदाई देने और अल्लाह की इबादत का विशेष दिन है। रमजान माह का चौथा जुमे की नामज के दौरान जयपुर में शुक्रवार को जुमातुल विदा की नमाज अदा की गई। पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे भीड़ को देखते हुए बाजार में वाहनों का आवागमन बंद कर दिया गया था।
गौरतलब है कि अलविदा जुमे के साथ ही अब शहर में ईद-उल-फितर के स्वागत की तैयारियां तेज हो गई। नमाज के बाद बाजारों में जबरदस्त रौनक देखने को मिली। जयपुर के सभी बाजारों में सेवइयां, कपड़ों और इत्र की दुकानों पर खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ी। रमज़ान महीने का आखिरी दिन 20 मार्च तय किया गया है। लेकिन ईद की तारीख चांद के दीदार के बाद ही तय होती है। अगर 20 मार्च की रात को चांद दिखता है, तो ईद 21 मार्च को मनाई जाएगी। रमज़ान 19 फरवरी से शुरू हुआ था।




















